गुरुग्राम : साइबर सिटी गुरुग्राम के प्रतिष्ठित निजी स्कूल रायन इंटरनेशनल में शुक्रवार को दूसरी कक्षा के छात्र की गला काटकर हत्या कर दी गयी. हत्या का आरोप बस के कंडक्टर अशोक तिवारी पर लगा है. सात साल के मासूम का शव स्कूल शुरू होने के महज 15 मिनट बाद टॉयलेट में मिला.
मृतक के पिता बिहार के मधुबनी जिले के रहनेवाले हैं और दिल्ली के एक गारमेंट कंपनी में क्वालिटी मैनेजर हैं. परिवार सोहना स्थिति मारूति कुंज इलाके में रहता है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कंडक्टर ने टॉयलेट में बच्चे के साथ जबरदस्ती की कोशिश की. स्कूल बस से छात्र सुबह 7.55 बजे पहुंचा था.
इसके 15 मिनट बाद ही उसका शव टॉयलेट में मिला. शव के पास से चाकू भी बरामद किया गया है. गला कटा हुआ था. जांच में सामने आया है कि मासूम का गला रेतने के बाद हत्यारा बाथरूम की खिड़की से कूदकर भागा है. पुलिस को वहां सीमेंट टूटी हुई मिली है. संदेह के आधार पर नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. इनमें स्कूल का माली और बसों के आठ ड्राइवर-कंडक्टर थे. कड़ी पूछताछ में कंडक्टर अशोक तिवारी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
भड़का गुस्सा स्कूल में तोड़फोड़
छात्र की संदिग्ध मौत की जानकारी मिलते के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा. बच्चे के पिता पूर्वांचल के एक संगठन से जुड़े हैं. नाराज लोगों ने स्कूल में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान खिड़कियों के शीशे तोड़ दिये गये. रायन स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गयी.
स्कूल प्रशासन की लापरवाही
मामले में स्कूल प्रशासन की लापरवाही सामने आयी है. टॉयलेट के एरिया में सीसीटीवी नहीं था. स्कूल की सुरक्षा पर सवाल उठा है. स्कूल प्रशासन ने बयान जारी कर रहा है कि घटना की सूचना माली ने 8.20 बजे दी और इसके बाद पुलिस को खबर की गयी.
इसके पहले
20 जनवरी 2016 को छह साल के बच्चे देवांश ककरोरा की वसंत कुंज रायन इंटरनेशनल स्कूल में पानी की टंकी में डूबकर मौत हुई थी. मामले में प्रिंसिपल समेत चार लोगों गिरफ्तार हुए था.
मेरा सात साल का बच्चा मारा गया है. अगर स्कूल में ही बच्चों की हत्या हो जायेगी, तो हम आखिर किस भरोसे पर उन्हें आठ घंटे के लिए वहां छोड़ सकते हैं?
मृत छात्र के पिता
