पंचकूला का असर. शहीद एक्सप्रेस दो दिनों के िलए रहेगी रद्द
मधुबनी : डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर सीबीआई कोर्ट के फैसला आने के बाद पंचकूला हरियाणा, पंजाब व दिल्ली में फैले हिंसा का खामियाजा इस जिले के भी सैकड़ों यात्रियों को भुगतनी पड़ रही है. हंगामा के कारण सुरक्षा को देखते हुए रेल मंत्रालय ने पंजाब जाने वाली सभी गाड़ियों को रद्द दिया है. इसमें जिले के जयनगर से अमृतसर तक जाने वाली शहीद एक्सप्रेस एवं सरयू यमुना ट्रेन ट्रेन को दो दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है.
मधुबनी स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक जगदंबा प्रसाद ने बताया कि रेलवे ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से शहीद एक्सप्रेस ट्रेन को दो दिनों के लिए रद्द कर दिया है. जयनगर से भाया दिल्ली होकर अमृतसर तक जाने वाली शहीद व सरयू- यमुना एक्सप्रेस ट्रेन को रद्द करने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. 26 एवं 27 अगस्त को उक्त गाड़ी को रद्द किया गया है.
कई गाड़ियां रद्द व कई के बदले रूट. मधुबनी से चलने वाली कई गाड़ियों के रूट में परिवर्तन किया गया है अथवा गाड़ियों को रद्द कर दिया गया है. परिवर्तित रूट की गाड़ियों में स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, सरयु यमुना एक्सप्रेस गाड़ी है. वहीं गरीब रथ ट्रेन को बरौनी स्टेशन से आनंद बिहार चलाया जा रहे है. वहीं कमला गंगा इंटर सीटी एवं अन्य कई गाड़ी जो बरौनी होकर गुजरती है उसे रद्द कर दिया गया है.
दिल्ली व आसपास फैली हिंसा बनी वजह
दरभंगा-समस्तीपुर रूट बंद रहने से बढ़ी परेशानी
दरभंगा व समस्तीपुर का रूट हायाघाट के रेलवे पुल से उपर पानी बहने के कारण पिछले 20 अगस्त से बंद पड़ा है. मधुबनी से लंबी दूरी तक चलने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जनसाधारण एक्सप्रेस भाया सीतामढी रुट से चल रही है. पर ऐसे यात्री जिन्हें भाया बरौनी आगे पटना या अन्य रूट पर सफर करना है उस रूट की सभी ट्रेनें रद्द है. ऐसे में पटना जाने के लिए यात्रियों को सड़क रास्ता के अलावा कोई दूसरा चारा नहीं है.
बीमार पिता को लेकर कैसे जायें दिल्ली
जिला से दिल्ली, अमृतसर सहित लंबी दूरी तक की यात्रा करने वाले यात्रियों के आरक्षण तीन माह पूर्व से निर्धारित था. गाड़ी को अचानक रद्द किये जाने को लेकर यात्री काफी परेशान दिखे. सुबह 7.55 में मधुबनी रेलवे स्टेशन से खुलने वाली शहीद एक्सप्रेस ट्रेन को पकड़ने आये रहिका निवासी मनीष कुमार मंडल ने बताया कि उन्हें अपने पिताजी के इलाज के लिए दिल्ली जाना था. दो माह पूर्व ट्रेन में आरक्षण कराया था. पर ट्रेन के अचानक रद्द हो जाने के कारण अब मुसीबत हो गया है. अब दिल्ली किस ट्रेन से जाउंगा यह कोई निश्चित नहीं है. अन्य किसी ट्रेन में तत्काल आरक्षण भी नहीं मिलेगा. वहीं रामपट्टी निवासी मोहन यादव को अपने पुत्र से मिलने अमृतसर जाना था. वह स्टेशन पर निराश दिखे. उन्होंने कहा कि बौआ आब त जेनरल टिकट ल क कोनो दोसर ट्रेन से जाय पड़त. उन्हें यह नहीं पता था कि पंजाब जाने वाली लगभग सभी रूट की गाड़ी बंद है.
