दो घंटे की बारिश में डूबा शहर

जलजमाव. मुख्य सड़क पर घुटने भर लगा पानी, बेहाल हो गये लोग मधुबनी : शहर में बुडको के द्वारा जल निकासी के लिये कैनाल के पक्कीकरण की योजना के तहत काम जब हो तब हो, पर वर्तमान में तो शहर के लोगों का जीना मुहाल हो गया है. कुछ समय की बारिश में ही शहर […]

जलजमाव. मुख्य सड़क पर घुटने भर लगा पानी, बेहाल हो गये लोग

मधुबनी : शहर में बुडको के द्वारा जल निकासी के लिये कैनाल के पक्कीकरण की योजना के तहत काम जब हो तब हो, पर वर्तमान में तो शहर के लोगों का जीना मुहाल हो गया है. कुछ समय की बारिश में ही शहर पानी पानी हो जाता है. आलम यह है कि गुरुवार के दोपहर में करीब दो घंटे के बारिश में ही प्रमुख मुख्य सड़कों पर घुटने भर पानी जमा हो गया. मोटरसाइकिल के सीट तक पानी पहुंच गया. दुकानों में पानी घुस गया. स्कूल के छुट्टी के समय पानी होने के कारण बच्चों को भींगते हुए घर आना पड़ा. कई बच्चे पानी में गिर भी गये. लोग बारिश से बेहाल हो गये है. पानी निकासी का कोई इंतजाम नहीं हो रहा है.
पिछले माह विस्थापित हो चुके हैं लोग
पिछले महीने शहर में भारी बारिश से शहर वासी परेशान रहे. कई लोगों के घरों में पानी चले जाने से इन्हें घर छोड़ना भी पड़ा था. शहर की हालत ऐसी थी की कई दुकान 4 से 5 दिन बंद रहे थे. दुकान के नीचे में रखा समान भी बर्बाद हो गया था. अनुमानत: बाजार के 25 से 30 लाख का सामान बर्बाद हुआ था. वहीं करीब 2 सौ से अधिक वाटर पंप, पंखा, स्टेबलाइजर बर्बाद हुआ था. गुरुवार को दोपहर करीब दो घंटों तक हुई मूसलाधार बारिश से एक बार फिर शहर लबलबा गया. प्राय: सभी सड़कों पर पानी जमा हो गया. इससे पूरा शहर अस्त-व्यस्त हो गया. बरसात पूर्व नगर परिषद की तैयारी पोल खोल कर रख दी है. हालांकि कैनाल की उड़ाही के लिए डीपीआर नगर एवं आवास विभाग को भेजा जा चुका है.
कार्यालय परिसर में पानी जमा. जिला मुख्यालय के अधिकांश कार्यालय परिसर में जल जमाव से कार्यालय आने जाने वाले को भारी परेशानी हुई. डीआरडीए, सदर अस्पताल, सहकारिता विभाग, जिला निबंधन कार्यालय, पशुपालन विभाग, व्यवहार न्यायालय, वाट्सन स्कूल सहित अन्य कार्यालय परिसर में पानी जमा हो गया. जिसके कारण कार्यालय कर्मी से लेकर आम लोगों को परेशानी हुई.
जाम है नाला
शहर में जाम हो गये नाले के कारण जल निकासी नहीं हो रही है. हालात यह है कि प्राय: सभी नाला जाम पड़ा है. हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सफाई कार्य कराये जा रहे हैं. लोगों की माने तो वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एक एनजीओ की देख रेख में काम हो रहा है. जिन्हें अनुभव की कमी है.
सड़क पर चलना मुश्किल. भारी बारिश के कारण शहर के सड़कों पर घुटने भर पानी जमा हो गया. शहर के महिला कॉलेज रोड़, स्टेशन रोड, बाटा चौक, चूड़ी बाजार, शंकर चौक, गदियानी रोड, जलधारी चौक, ईद मुहम्मद चौक, अस्पताल रोड सहित अन्य सड़कों पर पानी जमा हो गया. वहीं यही हाल शहर के आदर्श नगर कॉलोनी, विनोदानंद कॉलोनी, प्रोफेसर कॉलोनी, संतू नगर, लहेरिया गांज, प्रगति नगर, तिरहुत कॉलोनी, ऑफिसर कॉलोनी का है जहां जलजमाव है.
समस्या का होगा समाधान
बारिश से कुछ देर के लिए सड़कों पर पानी लग जाता है. नाले की सफाई अच्छी तरह से की गयी है. जिससे पानी कुछ समय में निकल जायेगा. जलजमाव को लेकर हम गंभीर है. जहां समस्या रहती उसका समाधान किया जा रहा है.
सुनैना देवी, मुख्य पार्षद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >