मधवापुर : भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 48 वीं बटालियन मधवापुर के जवानों ने जांच के दौरान एक युवक के पास से 10 लाख से अधिक इंडियन व नेपाली करेंसी जब्त कर उस युवक को गिरफ्तार कर लिया़ जानकारी देते हुए एसएसबी मधवापुर के इंचार्ज इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मधवापुर कृषि फार्म के पास बाइक से मधवापुर बाजार की ओर आ रहे एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गयी व पूछताछ की गयी़
तलाशी के दौरान युवक के पास से आठ लाख 54 हजार इंडियन करेंसी व दो लाख 44 हजार नौ सौ नेपाली करेंसी पाया गया़ उसने बताया कि वह मधुबनी से आ रहा है और यह राशि दूसरे व्यक्ति ने उसे लाने को कहा था़ गिरफ्तार व्यक्ति स्थानीय थाना क्षेत्र का मधवापुर निवासी महावीर साह बताया जा रहा है. एसएसबी जवानों ने विभागीय कार्रवाई के बाद जब्त नोट सहित गिरफ्तार व्यक्ति को आयकर विभाग मुजफ्फरपुर के हवाले कर दिया है.
