Gas Agency Theft : पुरैनी थाना क्षेत्र के पुरैनी मुख्यालय स्थित रॉयल एचपी गैस एजेंसी में एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना सामने आयी है. पेट्रोल पंप से अंभो बासा जाने वाली सड़क पर स्थित गैस एजेंसी में अज्ञात चोरों ने देर रात धावा बोलकर 91 भरे हुए गैस सिलेंडर चोरी कर लिये. चोरों ने पहले परिसर में लगे CCTV कैमरों को क्षतिग्रस्त किया और इसके बाद चारपहिया वाहन की मदद से गैस एजेंसी के तीन गेटों के ताले काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
CCTV कैमरों को पहले किया क्षतिग्रस्त
गैस एजेंसी संचालक अफरोज आलम के अनुसार परिसर में सुरक्षा के लिए काफी संख्या में CCTV कैमरे लगाये गये थे. अज्ञात चोरों ने गैस एजेंसी में प्रवेश करते ही सबसे पहले CCTV कैमरों को निशाना बनाया. चोरों ने एक-एक कर सभी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि चोरी की घटना का कोई दृश्य रिकॉर्ड नहीं हो सके.
तीन गेटों के ताले काटकर एजेंसी में घुसे चोर
संचालक के मुताबिक चोरों ने एक चारपहिया वाहन का इस्तेमाल किया. वाहन की मदद से गैस एजेंसी परिसर के तीन गेटों के ताले काटे गये. इसके बाद चोर अंदर दाखिल हुए और बड़ी संख्या में भरे हुए गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गये. चोरी किये गये 91 सिलेंडरों की जानकारी सामने आने के बाद एजेंसी संचालक और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया.
गैस एजेंसी में तीसरी बार हुई चोरी
बताया जा रहा है कि रॉयल एचपी गैस एजेंसी में चोरी की यह पहली घटना नहीं है. स्थानीय स्तर पर सामने आयी जानकारी के अनुसार इससे पहले भी एजेंसी से काफी संख्या में गैस सिलेंडर चोरी हो चुके हैं. यह तीसरी बार है जब गैस एजेंसी को चोरों ने निशाना बनाया है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर एजेंसी संचालक और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गयी है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुरैनी थानाध्यक्ष रितेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने गैस एजेंसी परिसर का निरीक्षण कर घटना से जुड़े सुराग जुटाने शुरू कर दिये हैं. क्षतिग्रस्त CCTV कैमरों और तीनों गेटों की स्थिति की भी जांच की जा रही है. पुलिस चोरी में इस्तेमाल किये गये वाहन और आरोपियों की पहचान करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है.
लगातार चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ही गैस एजेंसी में बार-बार चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. 91 भरे सिलेंडर चोरी होने की घटना के बाद पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने और चोरी गये सिलेंडरों की बरामदगी की चुनौती है. पुलिस की जांच के बाद ही घटना में शामिल चोरों और चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा.
