जीएनएम छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका के चचेरे भाई ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे, तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था.
मधेपुरा.
शहर के वार्ड संख्या चार में रविवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. मृतका की पहचान सुपौल जिले के झोकायर निवासी मकसूदन यादव की 24 वर्षीय पुत्री रूबी कुमारी के रूप में हुई है, जो मधेपुरा में रहकर जीएनएम की पढ़ाई कर रही थी. उसका शव किराये के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया.
– दरवाजा बाहर से बंद, पैरों की स्थिति ने बढ़ाये सवाल –
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे. परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुये हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. मृतका के चचेरे भाई ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे, तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था. सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि फंदे से लटकने के बावजूद रूबी के पैर जमीन को छू रहे थे. परिजनों का तर्क है कि इस तरह की स्थिति सामान्य सुसाइड केस में नहीं होती, इससे साफ जाहिर होता है कि किसी ने बड़ी साजिश के तहत हत्या कर शव को फंदे से लटकाया है.
– शादी की खुशियां मातम में बदली –
परिजनों ने बताया कि रूबी का सुपौल के ही रहने वाले अमित कुमार नाम के युवक से प्रेम-प्रसंग एवं दोनों के बीच बातचीत होती थी. परिवार वालों ने बताया कि उनकी शादी भी तय हो चुकी थी एवं घर में विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थी. रूबी की मौत ने न केवल परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है, बल्कि कई अनसुलझे सवाल भी खड़ा कर दिया है. रूबी की मां एवं अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं और वे प्रशासन से निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे है.
– पुलिस की जांच जारी –
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस पहुंची एवं शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पायेगी. साथ ही पुलिस प्रेमी युवक और अन्य पहलुओं से भी पूछताछ करने की तैयारी में है.