मुरलीगंज
शहर को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को सही दिशा देने के उद्देश्य से रविवार को मुरलीगंज में लायंस क्लब एवं लायंस क्लब फेमिना के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई. रैली का नेतृत्व नवटोल स्थित एमपी क्लासेस के निदेशक मिथिलेश कुमार ने किया. रैली का शुभारंभ गोल बाजार स्थित श्री राम जानकी मंदिर वार्ड संख्या 07 के समीप से हुआ. जहां मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद उदय कुमार चौधरी मौजूद थे.इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं क्लब के सदस्यों ने हाथों में नशा विरोधी श्लोगन और बैनर लेकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “नहीं रखो नशे से वास्ता, नहीं है ये सलामती का रास्ता” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. रैली गोल बाजार से निकलकर हाट बाजार, मिड्ल चौक, दुर्गा स्थान चौक और सिनेमा हॉल चौक होते हुये पुनः राम जानकी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई. पूरे मार्ग में लोगों ने रैली का स्वागत किया और अभियान की सराहना की. रैली के समापन के अवसर पर सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुये लायंस क्लब एवं लायंस क्लब फेमिना की ओर से एक जरूरतमंद महिला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन प्रदान की गई. इस मौके पर लायंस क्लब के अध्यक्ष प्रणय कुमार साहा ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिये गंभीर खतरा है और युवाओं को इससे दूर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. प्रो डॉ अनंत कुमार ने कहा कि अभी वर्तमान समय में समाज में सुखे नशे की गिरफ्त में युवा छात्र और बच्चे बुरी तरह घिर चुके हैं. युवाओं का बढ़ता झुकाव चिंताजनक है, जिसे रोकने के लिए समाज एवं प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा. कार्यक्रम के सफल आयोजन में लायंस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष सह बीएनएमयू के पूर्व कुलपति डॉ अनंत कुमार का मार्गदर्शन सराहनीय रहा. इस कार्यक्रम में थानाध्यक्ष अजीत कुमार दुर्गा स्थान चौक पर सम्मिलित हुये इस दौरान क्लब के उपाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, सचिव डॉ रोहित कुमार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार चौधरी, डॉ एसके सुधांशु, विकास आनंद एवं अशोक कुमार चौधरी सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे. वहीं लायंस क्लब फेमिना की ओर से अध्यक्ष अनीता रानी, सचिव पुष्प लता कुमारी, पुष्पा कुमारी, काजल कुमारी एवं सुशील कुमार ने भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
