मधेपुरा में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, दो मई से घर-घर गणना कार्य होगा शुरू

मधेपुरा में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, दो मई से घर-घर गणना कार्य होगा शुरू

17 अप्रैल से स्व-गणना सुविधा उपलब्ध, नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील मधेपुरा. समाहरणालय परिसर स्थित न्यू एनआईसी हॉल में गुरुवार को भारत की जनगणना 2027 के संबंध में प्रेस ब्रीफिंग किया. ब्रीफिंग जिला भू-अर्जन पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी अमन कुमार सुमन, जिला जनगणना कोषांग, मधेपुरा ने की. मौके पर जिला सूचना व जनसंपर्क पदाधिकारी अनन्त कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शंकर शरण सहित जनगणना निदेशालय, पटना से आए पर्यवेक्षक उपस्थित थे. ब्रीफिंग के दौरान बताया कि भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण, अर्थात् मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य मधेपुरा जिले में 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित किया जायेगा. जिले में कुल 19 चार्ज तथा 3841 मकान सूचीकरण ब्लॉक निर्धारित किये गये हैं. इस कार्य के लिए पर्याप्त संख्या में गणनाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है, जो निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर आवश्यक सूचनाएं एकत्र करेंगे. इससे पूर्व, 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक सभी नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गयी है. इसके अंतर्गत परिवार के सदस्य स्वयं https://se.census.gov.in पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं. स्व-गणना एक आधुनिक, सुरक्षित व सुविधाजनक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने घर या किसी भी स्थान से जनगणना संबंधी विवरण भर सकते हैं. पंजीकरण के लिए परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर व अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी, जिसके बाद ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जायेगा. जानकारी सफलतापूर्वक सबमिट करने पर एक यूनिक आइडी प्राप्त होगा, जिसे गणनाकर्मी के आगमन के समय प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा. अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई परिवार स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो निर्धारित अवधि में गणनाकर्मी उनके घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे. सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें. साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय व सुरक्षित रखी जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >