Madhepura Murder Case: सिंहेश्वर (मधेपुरा). थाना क्षेत्र अंतर्गत बुढ़ावे वार्ड संख्या-14 में रीना देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में उनकी मां प्रमिला देवी ने जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. मृतका की मां सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर वार्ड संख्या-4 की निवासी हैं. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
करीब 15 वर्ष पहले हुई थी रीना की शादी
प्रमिला देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी बेटी रीना देवी की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व बुढ़ावे वार्ड संख्या-14 निवासी सिपैत शर्मा के साथ हुई थी. रीना के दो पुत्र राजवीर कुमार और धर्मवीर कुमार हैं.
आठ वर्ष पहले जलने से घायल हुई थी महिला
मृतका की मां के अनुसार करीब आठ वर्ष पूर्व रीना ससुराल में ही जलने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी. उसका करीब एक वर्ष तक इलाज चला था. बाद में उसकी स्थिति ठीक हो गई थी और वह मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रही थी.
दूसरी शादी के बाद विवाद का लगाया आरोप
प्रमिला देवी ने आरोप लगाया कि सिपैत शर्मा ने करीब सात वर्ष पूर्व मुन्नी कुमारी से दूसरी शादी कर ली थी. इसके बाद वह अपनी मां और दूसरी पत्नी के साथ अलग रहने लगा. आवेदन के अनुसार रीना देवी और उसकी सौतन मुन्नी कुमारी के बीच अक्सर विवाद होता था. इसको लेकर कई बार ग्रामीण स्तर पर पंचायत भी हुई थी.
फोन पर मिली बेटी को जहर देने की सूचना
मृतका की मां ने बताया कि घटना के दौरान रीना देवी के मोबाइल फोन से किसी महिला ने उन्हें सूचना दी कि उनकी बेटी को जहर खिला दिया गया है. सूचना मिलने के बाद वह परिवार के साथ बुढ़ावे पहुंचीं. वहां रीना अपने कमरे में जमीन पर पड़ी मिली. उनकी सांस चल रही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गयी.
चार लोगों पर साजिश कर हत्या का आरोप
प्रमिला देवी ने अपने आवेदन में सिपैत शर्मा, मुन्नी कुमारी, आभा देवी और देवनारायण शर्मा पर साजिश के तहत जहर खिलाकर रीना देवी की हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सूचना मिलने पर सिंहेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए मृतका के परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
Madhepura Murder Case: सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
