मधेपुरा में महादलित व्यक्ति की संदिग्ध मौत, बेटी ने जमीनी विवाद में रॉड से पीटकर हत्या का लगाया आरोप

मधेपुरा के नया गांव बरियाही में 49 वर्षीय महादलित व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. परिजनों का आरोप है कि पुराने जमीनी विवाद में दूसरे पक्ष ने लोहे की रॉड से हमला कर हत्या की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

मधेपुरा. थाना क्षेत्र के रामपुरलाही पंचायत अंतर्गत नया गांव बरियाही वार्ड-10 में 49 वर्षीय एक महादलित व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतक के परिजनों ने पुराने जमीनी विवाद में दूसरे पक्ष के लोगों पर लोहे के रॉड से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है. वहीं दूसरी ओर बिजली के संपर्क में आने से घायल होने की भी चर्चा सामने आयी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

मृतक की पहचान नया गांव बरियाही निवासी राजेंद्र ऋषिदेव (49) के रूप में हुई है.

गंभीर हालत में सीएचसी से मेडिकल कॉलेज किया गया था रेफर

परिजनों के अनुसार राजेंद्र ऋषिदेव को गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया गया था. रविवार को उन्हें सीएचसी शंकरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. मौत के बाद परिजन शव को घर लेकर पहुंचे और शंकरपुर पुलिस को घटना की सूचना दी.

सूचना मिलते ही पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मृतक के घर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

बेटी ने पुराने जमीनी विवाद में हत्या का लगाया आरोप

मृतक की पुत्री कल्पना देवी ने पुलिस को दिये बयान में गांव के कुछ लोगों पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि गांव के ही रामदेव यादव के पुत्र दिलेन्द्र कुमार और शिकेन्द्र यादव सहित अन्य लोगों के साथ वर्षों से जमीन का विवाद चल रहा था. परिजनों के अनुसार न्यायालय से फैसला शिकेन्द्र यादव के पक्ष में आने के बाद कुछ दिन पहले प्रशासन द्वारा उन्हें संबंधित जमीन पर कब्जा दिलाया गया था.

जंगली जलेबी का पेड़ देखने जाने पर हमला करने का आरोप

कल्पना देवी का आरोप है कि उक्त जमीन पर लगे वर्षों पुराने जंगली जलेबी के पेड़ को देखने राजेंद्र ऋषिदेव वहां गये थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर लोहे के रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. आरोप के अनुसार किसी तरह राजेंद्र ऋषिदेव वहां से भागकर अपने घर पहुंचे और दरवाजे पर गिरकर बेहोश हो गये. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गयी.

बिजली के संपर्क में आने की भी सामने आयी चर्चा

घटना को लेकर दूसरा पहलू भी सामने आया है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजेंद्र ऋषिदेव अपने घर में चापाकल के पास मोटर चलाकर स्नान करने पहुंचे थे. इस दौरान कथित तौर पर बिजली के संपर्क में आने से उनके गंभीर रूप से घायल होने की चर्चा है. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मृतक की पुत्री के फर्द बयान के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है. उन्होंने कहा कि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राजेंद्र ऋषिदेव की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >