Madhepura Police Action : जिले में अपराधियों और शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मधेपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार पिछले 24 घंटे के भीतर विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, अवैध कफ सिरप, शराब सेवन और पुराने मामलों में फरार चल रहे अभियुक्त शामिल हैं.
आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा केवल आर्म्स एक्ट के एक आरोपी तथा अवैध कफ सिरप के साथ एक अन्य आरोपी को भी दबोचा गया. शराब सेवन के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुराने मामलों में फरार दो अभियुक्तों और एक वारंटी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई.
चार थानों से हथियार, स्मैक और वाहन बरामद
मधेपुरा थाना क्षेत्र से एक देशी पिस्टल, 8.17 ग्राम स्मैक, 1.87 लाख रुपये नकद, एक मोबाइल और एक डिजिटल तराजू बरामद किया गया. चौसा थाना पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दो खाली खोखा, एक मोबाइल और एक मोटरसाइकिल जब्त की. मुरलीगंज थाना क्षेत्र से 19.5 लीटर अवैध कफ सिरप, एक कार, एक टैब और एक मोबाइल बरामद किया गया. वहीं सिंहेश्वर थाना पुलिस ने एक जिंदा कारतूस, 15 खाली खोखा और एक कॉक हैंडल बरामद किया है.
वाहन जांच में भी हुई कार्रवाई
सघन वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की. इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जांच के क्रम में कुल 8 हजार रुपये की शमन राशि (जुर्माना) वसूली गई.
अभियान आगे भी रहेगा जारी
मधेपुरा पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध नियंत्रण, अवैध हथियार, नशीले पदार्थ और शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. पुलिस ने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके.
