मधेपुरा : पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष अभियान चलाया गया. पिछले 24 घंटों के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं सघन वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 12,500 रुपये शमन राशि (जुर्माना) भी वसूली गई.
शराब और स्मैक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ भी कार्रवाई की.
- अरार थाना क्षेत्र में 22.5 लीटर देशी चुलाई शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई.
- पुरैनी थाना पुलिस ने 4.94 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया.
- आलमनगर थाना क्षेत्र से 2.85 ग्राम स्मैक और एक रोल सिल्वर पेपर बरामद किया गया.
विभिन्न मामलों में हुई गिरफ्तारियां
पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार अभियान के दौरान पूर्व के कांडों में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. चोरी के मामले में दो आरोपियों को दबोचा गया. एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई. शराब सेवन के मामले में एक तथा अवैध शराब रखने और बेचने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा गैर-जमानती वारंट के आधार पर छह वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य कांड में भी एक अभियुक्त को पुलिस ने हिरासत में लिया.
अभियान आगे भी रहेगा जारी
जिला पुलिस प्रशासन ने कहा है कि अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में नियमित छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा.
