दो बाइक, चार तस्कर और 78 ग्राम स्मैक, मधेपुरा पुलिस की घेराबंदी में खुला नशे का खेल

मधेपुरा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है. सदर थाना पुलिस ने 78 ग्राम स्मैक और दो मोटरसाइकिल के साथ चार कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है. ये तस्कर सहरसा की ओर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही दबोच लिया.

Madhepura News: मधेपुरा. जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सदर थाना पुलिस ने 78 ग्राम स्मैक के साथ अंतर जिला गिरोह से जुड़े चार कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से स्मैक के अलावा दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं. कार्रवाई 7 सितंबर की रात साहुगढ़-गणेश स्थान रोड पर की गयी.

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्मैक लेकर सहरसा की ओर जाने की तैयारी में थे. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रास्ते में वाहनों की सघन जांच शुरू की. पुलिस को देखते ही दोनों बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से की गयी घेराबंदी के कारण उन्हें भागने का मौका नहीं मिला.

गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस अधीक्षक मधेपुरा के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण के साथ अवैध हथियार, मादक पदार्थ और शराब की बरामदगी को लेकर जीरो टॉलरेंस अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार को सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिल पर चार लोग भारी मात्रा में स्मैक लेकर साहुगढ़-गणेश स्थान के रास्ते सहरसा की तरफ जाने वाले हैं.

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने तत्काल पुलिस टीम गठित की. इसके बाद साहुगढ़-गणेश स्थान रोड पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गयी. पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों पर नजर रख रही थी.

कुछ देर बाद साहुगढ़ की ओर से दो मोटरसाइकिल पर चार व्यक्ति आते दिखाई दिये. पुलिस की जांच देखकर बाइक सवार घबरा गये और उन्होंने मोटरसाइकिल पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया. पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया.

तलाशी में 78 ग्राम स्मैक बरामद

पुलिस ने चारों आरोपियों की तलाशी ली. इस दौरान उनके पास से कुल 78 ग्राम स्मैक बरामद किया गया. इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के भौरा वार्ड नंबर 06 निवासी राजू कुमार, प्रकाश कुमार, विकास ठाकुर और साजन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार राजू कुमार के पिता का नाम राजाराम यादव, प्रकाश कुमार के पिता का नाम सुरेन्द्र यादव, विकास ठाकुर के पिता का नाम सिकंदर ठाकुर और साजन कुमार के पिता का नाम स्व. विन्देश्वरी यादव है.

पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया है. इनमें एक बाइक का नंबर बीआर-19यू-5556 और दूसरी का नंबर बीआर-43वी-9486 है.

एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ मामला

मामले को लेकर मधेपुरा थाना में कांड संख्या 911/26, दिनांक 7 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c)/21(b) के तहत मामला दर्ज किया है. चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.

पुलिस की इस कार्रवाई को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि गिरफ्तार किये गये सभी आरोपी सहरसा जिले के रहने वाले हैं और पुलिस इसे अंतर जिला स्तर पर चल रहे नशे के नेटवर्क से जोड़कर देख रही है. अब जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश होगी कि बरामद स्मैक कहां से लाया गया था और इसे सहरसा में किसे पहुंचाया जाना था.

Madhepura News: छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

कार्रवाई के लिए गठित टीम में सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार के अलावा पुअनि कन्हैया कुमार, पुअनि मोहन कुमार सिंह, सअनि राकेश कुमार और तकनीकी शाखा के सदस्य शामिल थे. टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया.

पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस का फोकस नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले लोगों की पहचान करने और उनके नेटवर्क तक पहुंचने पर है. 78 ग्राम स्मैक की इस बरामदगी के बाद अब पुलिस की जांच का अगला फोकस इसके स्रोत और सप्लाई चेन पर रहेगा.

Also Read: 'जो दलितों से टकराएगा...’ नारों के बीच पटना में प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >