बेटी की विदाई मांगने पहुंचे पिता की ससुराल में पिटाई, अस्पताल में भर्ती

ललकुड़िया गांव में बेटी की विदाई मांगने पहुंचे पिता के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की. बेटी के साथ हो रही प्रताड़ना की शिकायत पर पिता वहां पहुंचे थे. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

कुमारखंड (मधेपुरा). प्रखंड के श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ललकुड़िया गांव में बेटी की विदाई कराने पहुंचे पिता के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में घायल व्यक्ति का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड में कराया गया. पुलिस ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

बेटी की प्रताड़ना की सूचना पर पहुंचे थे पिता

घायल मुश्ताक आलम, निवासी सहुरिया वार्ड संख्या-7, थाना जानकीनगर, जिला पूर्णिया ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले उन्होंने अपनी बेटी नाजनी खातून की शादी ललकुड़िया गांव निवासी मो. इरशाद आलम से की थी. उनका आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था.

मुश्ताक आलम के अनुसार बेटी ने फोन पर अपने साथ मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी दी थी. इसके बाद वह बेटी का हालचाल लेने और उसकी विदाई कराने ससुराल पहुंचे थे.

दामाद समेत कई लोगों पर मारपीट का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि बेटी की विदाई की बात करने पर दामाद मो. इरशाद आलम, समधी मो. मुस्तकीम, मो. छोटू, मो. नौशाद तथा अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया.मारपीट के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया.

पुलिस ने कहा- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई

श्रीनगर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है. घायल का इलाज कराया गया है. उन्होंने कहा कि मामले में लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: पवन कुमार

Published by: Pintu Pranav

पवन कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुमारखंड (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >