गम्हरिया: मुख्य बाजार में बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों का तांडव, दो जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग; फिजा रेडीमेड के काउंटर पर चलाई गोली, दहशत में व्यापारी

गम्हरिया के मुख्य बाजार में सोमवार देर शाम नकाबपोश अपराधियों ने गोलीबारी कर दहशत फैला दी. अपाचे बाइक सवार तीन अपराधियों ने फिजा रेडीमेड और एक किराना दुकान को निशाना बनाया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य बाजार सोमवार की देर शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा. व्यस्ततम बाजार में रात करीब साढ़े आठ बजे काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने दो अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर भारी दहशत फैला दी.

अपराधियों ने गम्हरिया बस स्टैंड के आगे स्थित एक किराना दुकान और थाना परिसर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित डाकघर के पास 'फिजा रेडीमेड' नामक कपड़े की दुकान को निशाना बनाया. भीड़भाड़ वाले इलाके में खुलेआम हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं और पूरे बाजार में सन्नाटा पसर गया.

काउंटर पर सीधे तान दी पिस्तौल, बाल-बाल बचे दुकानदार

प्रत्यक्षदर्शियों और फिजा रेडीमेड के प्रोपराइटर मोहम्मद जमील के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे बस स्टैंड की दिशा से एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधी पहुंचे. बाइक चला रहे और पीछे बैठे बदमाशों ने चेहरे पर नकाब व हेलमेट पहन रखा था.

अपराधियों ने दुकान के बाहर रुकते ही सीधे गल्ले और काउंटर को निशाना बनाकर गोली चला दी. गनीमत रही कि गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई. इसके ठीक बाद बदमाशों ने बस स्टैंड के समीप एक किराना दुकान के पास भी दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की और हथियार लहराते हुए फरार हो गए.

दुकानदारों में दहशत | Prabhat Khabar Network

घटनास्थल से खोखा बरामद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और मौके से खोखा बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस की टीम बाजार के मुख्य चौराहों और दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों के भागने के रूट और उनकी पहचान का सुराग मिल सके. थाना पुलिस का दावा है कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए इलाके में नाकाबंदी कर छापेमारी की जा रही है.

व्यवसायियों में भारी आक्रोश, पुरानी घटनाओं से बढ़ा असंतोष

थाने के इतने करीब हुई इस दुस्साहसिक गोलीबारी से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है. दुकानदारों का कहना है कि मुख्य बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है.

व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए याद दिलाया कि अभी हाल ही में 27 अगस्त को एक गैस वितरक से भी हथियार के बल पर गोलीबारी कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसमें पुलिस अब तक लुटेरों को पकड़ने में नाकाम रही है. व्यापार मंडल और स्थानीय व्यवसायियों ने चेतावनी दी है कि यदि फायरिंग करने वाले अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डिक्सन राज

डिक्सन राज प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गम्हरिया (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >