उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के शहजादपुर बहियार में शुक्रवार को एक युवक का शव मिला. मृतक की पहचान आलमनगर थाना क्षेत्र के सिसवा वार्ड संख्या चार निवासी नागो मुखिया के 21 वर्षीय पुत्र शंकर कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार शंकर कुमार गुरुवार को ब्रह्कोल गांव में लगने वाले मेले में बर्फ बेचने के लिए सुबह घर से निकला था. बर्फ बेचकर वह दोपहर में लौटा और खाना खाने के बाद फिर से बर्फ लाने आलमनगर बाजार के लिए निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गयी. इसी बीच शुक्रवार की सुबह शहजादपुर बहियार के मक्का खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वही सड़क किनारे युवक की बाइक भी बरामद की, जिस पर बर्फ का बक्सा बंधा हुआ था. इधर घटना की जानकारी मिलते ही शंकर कुमार के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की. पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
ग्रामीणों ने कहा कि शंकर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं. स्थानीय लोगों द्वारा हत्या की आशंका जतायी है. लोगों ने कहा कि युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गयी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इधर, थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि शहजादपुर बहियार से एक युवक का शव बरामद किया गया है, जिसकी पहचान शंकर कुमार के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया हर पहलू पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.शहजादपुर बहियार में युवक का मिला शव, हत्या की आशंका
शहजादपुर बहियार में युवक का मिला शव, हत्या की आशंका
