– नवनिर्मित पुलिस लाइन का करेंगे उद्घाटन, विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित –
प्रतिनिधि
मधेपुरा.
समृद्धि यात्रा के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 मार्च को मधेपुरा दौरे पर आयेंगे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गयी है. अधिकारियों द्वारा लगातार कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो. जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री मधेपुरा स्थित नवनिर्मित पुलिस लाइन कैंपस में बने हेलीपैड पर उतरेंगे इसके बाद वहां सबसे पहले नवनिर्मित पुलिस लाइन का विधिवत उद्घाटन करेंगे. लंबे समय से जिले में आधुनिक सुविधाओं से लैस पुलिस लाइन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. इस नई पुलिस लाइन के शुरू होने से जिले की पुलिस व्यवस्था को एवं अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी तथा पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध हो सकेगा.पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाये जायेंगे. इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जायेगा. मुख्यमंत्री इन स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी लेंगे. प्रदर्शनी में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, उद्योग, ऊर्जा तथा अन्य विभागों से जुड़ी योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी.
इसके बाद मुख्यमंत्री बीएनएमयू के नॉर्थ कैंपस में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे. इस बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, जलापूर्ति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जायेगी. बैठक में जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे और मुख्यमंत्री को जिले की वर्तमान स्थिति से अवगत करायेंगे.समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे, ताकि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंच सके. इसके साथ ही लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने एवं सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया जायेगा.
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. इस जनसभा में जिले के विभिन्न प्रखंडों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. जनसभा को लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से व्यापक तैयारी की जा रही है. जनसभा स्थल पर मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पार्किंग तथा यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जा रही है.बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री 10 मार्च को सबसे पहले सुपौल में समृद्धि यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होंगे. सुपौल में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद वे मधेपुरा पहुंचेंगे और यहां निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जायेगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है.
तैयारी एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए एएसपी प्रवेंद्र भारती तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुये देखे गये. अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिये. जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं.