Alamnagar Road Condition : आलमनगर-बुधामा-खाड़ा से माली जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गयी है. सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में अनजान वाहन चालक असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं. खासकर दोपहिया और तीनपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा हो गया है.
खाड़ा चौक के पास सबसे ज्यादा खराब है सड़क
स्थानीय लोगों के अनुसार खाड़ा चौक के निकट सड़क की स्थिति बेहद खराब है. सड़क के बीचोंबीच बने गहरे गड्ढों के कारण प्रतिदिन दोपहिया और तीनपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं. राहगीरों को भी इस हिस्से से गुजरते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है. लोगों का कहना है कि बारिश होने के बाद सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है.
पानी भरने से छिप जाते हैं जानलेवा गड्ढे
बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है. इससे वाहन चालकों को यह पता नहीं चल पाता कि गड्ढा कितना गहरा है और उसके अंदर कितना पानी जमा है. अचानक पहिया गड्ढे में जाने से वाहन का संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है. दोपहिया और तीनपहिया वाहनों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से जोखिम भरी है.
28 करोड़ से अधिक की लागत से बनी थी सड़क
बताया गया कि 16 किलोमीटर लंबे आलमनगर-बुधामा-माली पथ का निर्माण 2823.74 लाख रुपये की लागत से कराया गया है. करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की वर्तमान स्थिति पर स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं. लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क जल्द ही जर्जर हो गयी.
लोगों ने कहा, सड़क नहीं पोखर बन गयी
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद कई जगह सड़क का स्वरूप ऐसा हो जाता है कि यह सड़क कम और पोखर अधिक नजर आती है. यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के दैनिक आवागमन का प्रमुख साधन है. सड़क की बदहाली के कारण लोगों को हर दिन जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है.
जल्द मरम्मत नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित निर्माण कंपनी से सड़क के गड्ढों को जल्द भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और स्थायी समाधान की भी मांग की है.
