बिहारीगंज (मधेपुरा) : ग्वालपाड़ा से लक्ष्मीपुर जानेवाली सड़क पर बिहारीगंज-ग्वालपाड़ा की सीमा पर सरौनी के पास स्थित डायवर्जन पर मंगलवार की देर रात एक पिकअप वैन पलट गयी. इसमें एक बच्ची अभिलाषा (3) व एक महिला दबाना देवी (62) की मौत हो गयी.
पिकअप वैन के…
हालांकि, पिकअप वैन में सवार अन्य लोग सही सलामत हैं. हादसे की सूचना मिलते ही बिहारीगंज के थानाध्यक्ष राजेश कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से गाड़ी में फंसे कुछ लोगों को बाहर भी निकाला. वहीं दोनों शव को थानाध्यक्ष ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया. इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ग्वालपाड़ा स्थित ललिया गांव भेज दिया गया.
वैन में 23 लोग थे सवार
ग्वालपाड़ा प्रखंड क्षेत्र के ललिया गांव निवासी हाकिम मंडल की पुत्री पूजा कुमारी की शादी बिहारीगंज स्थित मंदिर बोरनेश्वर धाम में किया जाना था. मंगलवार देर रात परिवार के सभी सदस्य व रिश्तेदार घर से बोरनेश्वर धाम के लिए एक सवारी गाड़ी से निकले. इस गाड़ी में कुल 23 व्यक्ति सवार थे.
बढ़ते कुहासे को देखते हुए चालक धीरे-धीरे गाड़ी चला रहा था. इस दौरान ग्वालपाड़ा से लक्ष्मीपुर जानेवाली सड़क पर सरौनी के पास ठूठा मोड़ के निकट डायवर्जन के पास गाड़ी अनियंत्रित हो कर पलट गयी. इससे अभिलाषा व महिला दबाना देवी की मौत हो गयी. घटना के बाद से ललिया गांव में विवाह के घर में गम का माहौल है.
