मधेपुरा: क्रिकेट का लोगो भेजे है स्व नवल किशोर सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम लीग मैच में सिंहेश्वर व घैलाढ़ के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला सिंहेश्वर. स्थानीय मवेशी हाट के मैदान पर चल रहे स्व नवल किशोर सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम लीग मैच में सिंहेश्वर ने घैलाढ़ को छह रनों से हरा दिया. इस रोमांचक मुकाबले में घैलाढ़ की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया. इससे पहले इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब सिंहेश्वर के कप्तान मो सलाम विराट ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया.
पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंहेश्वर की टीम ने निर्धारित 25 ओवर में छह विकेट गवा कर 144 रन बनाये. सिंहेश्वर की तरफ से कुंदन ने 58 व मुकेश ने 25 रनों की पारी खेली. जीत के मिले 145 रनों का पीछा करते हुए घैलाढ की टीम ने सात विकेट खोकर 139 रन ही बना सकी.
अंतिम लीग मैच में बेहतर प्रदर्शन करने पर सिंहेश्वर टीम के कुंदन को मैन ऑफ द मैच चुना गया. इस दौरान निर्णायक की भूमिका पूर्व क्रिकेटर मुकेश झा एवं रंजीत मिश्रा ने निभायी. वहीं उद्घोषक के रूप में इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब के पूर्व क्रिकेटर राजू शर्मा, सुमित कुमार, आशुतोष कुमार, मिलन कुमार सहित अन्य मौजूद थे. मैच के सफल संचालन में आयोजक रोशन कुमार सिंह एवं महबूब, अमृत राज, चंचल पाठक, मुकेश कुमार, कुंदन कुमार, सुनील, रोहित, अनुज, राहुल सलाम, राजीव सुनील यादव, मुकेश सहित अन्य की भूमिका महत्वपूर्ण रही.
