संगोष्ठी में सेवानिवृत्त 22 शिक्षकों का सामूहिक सम्मान
नगर परिषद् के उच्च विद्यालय बड़हिया के परिसर में शनिवार को शैक्षणिक संगोष्ठी सह प्रखंड के सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया
By Rajeev Murarai Sinha Sinha | Updated at :
बड़हिया.
नगर परिषद् के उच्च विद्यालय बड़हिया के परिसर में शनिवार को शैक्षणिक संगोष्ठी सह प्रखंड के सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. शिक्षक नेता मनोज कुमार की देखरेख में आयोजित ‘स्थानीय स्तर पर वर्तमान में प्रारंभिक शिक्षा के समक्ष आ रही चुनौतियां व समाधान’ विषय पर शैक्षणिक संगोष्ठी सह सम्मान समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक हरिवंश सिंह ने की, जबकि संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक संजीव कुमार एवं प्रधानाध्यापक रामविलास कुमार ने किया. उद्घाटन बड़हिया प्रखंड प्रमुख इंदु देवी, नगर परिषद सभापति डेजी कुमारी, डायट लखीसराय की प्रभारी प्राचार्य डॉ वंदना कुमारी, शिक्षक राजकिशोर सिंह, जिप प्रतिनिधि राजेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप शामिल जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने कहा कि शिक्षा विभाग शिक्षकों की प्रत्येक समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर है, लखीसराय शिक्षकों के वेतन भुगतान में बिहार में सबसे आगे हैं. शिक्षक चिंता मुक्त होकर छात्रों को मनोयोग से पढ़ाने का काम करें.इस अवसर पर उच्च विद्यालय बड़हिया की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति संगीत शिक्षक नरेश कुमार की देखरेख दी गयी.