Suspicious Death: सूर्यगढ़ा (लखीसराय). स्थानीय थाना क्षेत्र की रामपुर पंचायत के मल्लिक टोला में सोमवार की शाम 18 वर्षीय विवाहिता की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान लक्ष्मण मल्लिक की पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी और मामले की जांच शुरू कर दी.
प्रेम विवाह के बाद ससुराल में रह रही थी युवती
ग्रामीणों के अनुसार काजल कुमारी ने सूर्यगढ़ा प्रखंड के खांड़पर गांव निवासी माको मल्लिक से प्रेम विवाह किया था. विवाह के बाद दोनों सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के निस्ता गांव में रह रहे थे.
मारपीट का लगाया जा रहा आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब तीन दिन पहले मृतका के साथ कथित रूप से मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसका इलाज चल रहा था. हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
मौत के कारण को लेकर कई तरह की चर्चाएं
घटना के बाद इलाके में विवाहिता की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोग आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि ग्रामीण मारपीट के बाद हुई मौत की बात कह रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
Suspicious Death: सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि मोबाइल फोन के माध्यम से घटना की सूचना प्राप्त हुई है. सूचना मिलते ही गश्ती दल को घटनास्थल पर भेजा गया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच एवं अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
