Kiul RPF Alert: लखीसराय. सावन माह में कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किउल रेल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है. आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सघन निगरानी की जा रही है. दिन के साथ-साथ रात में भी सुरक्षा जांच अभियान लगातार जारी है.
रात और सुबह की ट्रेनों पर विशेष नजर
आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार ने बताया कि विक्रमशिला एक्सप्रेस, दानापुर-साहिबगंज एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. खासकर देर रात और अहले सुबह संचालित ट्रेनों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है.
सीसीटीवी और अनाउंसमेंट से निगरानी
रेल पुलिस द्वारा स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है. इसके साथ ही माइक से लगातार अनाउंसमेंट कर यात्रियों और कांवड़ियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जा रहे हैं.
कांवड़ियों की सुविधा पर विशेष ध्यान
सावन के दौरान किउल और लखीसराय स्टेशन पर सुल्तानगंज तथा देवघर आने-जाने वाले कांवड़ियों की संख्या में काफी वृद्धि हो जाती है. इसे देखते हुए रेल पुलिस कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दे रही है. जरूरत पड़ने पर पेयजल, स्वास्थ्य सहायता और अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
वरिष्ठ अधिकारी रख रहे लगातार नजर
Kiul RPF Alert: आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. वरिष्ठ अधिकारी भी समय-समय पर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं ताकि सावन के दौरान यात्रियों और कांवड़ियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके.
Also Read : आज से काम पर लौटे EO, 31 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी
