Government 100 Days: लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शुक्रवार को बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पटना के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ. इसके बाद राज्यस्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण देखा गया, जिसमें सरकार की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी गई.
सरकार की उपलब्धियों पर डाला गया प्रकाश
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पंचायत विकास, आयुष्मान भारत, राशन कार्ड निर्माण, सहयोग शिविर, प्रगति यात्रा, समृद्धि यात्रा, रोजगार सृजन और पर्यटन विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार द्वारा पिछले 100 दिनों में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही जनसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और आगामी योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई.
विभागवार उपलब्धियों पर दिखायी गई लघु फिल्म
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया. अधिकारियों ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं.
उत्कृष्ट कर्मियों को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. अधिकारियों ने कहा कि सम्मानित कर्मियों की निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है. सभी अधिकारियों और कर्मियों से पारदर्शिता तथा समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया गया.
अधिकारियों की रही उपस्थिति
Government 100 Days: कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के साथ हुआ. जिला प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा धीरज कुमार सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.
