लखीसराय: यदि आप लखीसराय में हैं, तो आज सोमवार के दिन बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लेना न भूलें. यहां स्थित प्रसिद्ध इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोक धाम) में स्थापित बाबा भोलेनाथ के विशाल शिवलिंग के दर्शन के लिए सोमवार को भक्तों की विशेष भीड़ उमड़ती है. धार्मिक मान्यता है कि यहां सच्चे मन से दर्शन, पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने से शिवभक्तों की हर मनोकामना शीघ्र पूरी हो जाती है.
‘बिहार का देवघर’ के नाम से विख्यात है अशोक धाम
अशोक धाम मंदिर अपनी भव्यता और धार्मिक महत्ता के कारण श्रद्धालुओं के बीच ‘बिहार का देवघर’ के नाम से भी जाना जाता है. इस पवित्र स्थल पर भगवान शिव के दर्शन के लिए न केवल स्थानीय बल्कि दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.
सुबह 4 बजे खुल जाते हैं मंदिर के पट
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, प्रतिदिन सुबह चार बजे पूरे विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ का श्रृंगारी पूजन किया जाता है. इसके तुरंत बाद आम श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजन के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाते हैं. सोमवार का दिन देवों के देव महादेव की विशेष आराधना का दिन होता है, इस वजह से आज यहां दर्शनार्थियों की भारी भीड़ लगी रहती है. अहले सुबह से ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहता है.
