किशनगंज दिघलबैंक प्रखंड में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया. इस प्रशिक्षण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आधुनिक एवं डिजिटल पद्धति से जनगणना कार्य संपन्न कराने की विस्तृत जानकारी दी गई.कार्यक्रम के दौरान घर-घर जाकर सही और सटीक आंकड़े एकत्रित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. समापन अवसर पर प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नरेश मंडल ने उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है. इसलिए प्रत्येक प्रगणक और पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी है कि वे अपने कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाएं. उन्होंने कहा कि अब प्रशिक्षण के बाद वास्तविक कार्य शुरू होगा, जिसमें सभी कर्मियों को घर-घर जाकर जानकारी संकलित करनी होगी. उन्होंने यह भी बताया कि इस बार जनगणना को डिजिटल माध्यम से अधिक सटीक और तेज बनाने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशिक्षण में सिखाए गए सभी तकनीकी पहलुओं का सही उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने की अपील की गई.
प्रशिक्षण का हुआ समापन,अब आंकड़ा संग्रहण में जुटेंगे जनगणना कर्मी
अब प्रशिक्षण के बाद वास्तविक कार्य शुरू होगा
