जमुई मोड़ बना डेंजर प्वाइंट
लखीसराय : समाहरणालय के समक्ष मुख्य सड़क का जमुई मोड़ वाहन दुर्घटना के लिये डेंजर प्वाइंट के रूप में चर्चित हो रहा है. वाहन परिचालन पर नियंत्रण के साथ-साथ परिवहन विभाग के नियमों के अनुपालन को लेकर जमुई मोड़ पर सुरक्षा बल की भी नियुक्ति की गयी है. इसके बावजूद इस मोड़ पर आये दिन सड़क दुर्घटना आम बात हो गयी है. सोमवार की दोपहर टाउन थाना क्षेत्र के कुरौता ग्रामवासी अनंत महतो अपनी बाइक से पत्नी को लेकर सदर अस्पताल लखीसराय के दंत रोग चिकित्सक के पास आ रहे थे. इसी दौरान जमुई मोड़ के पास अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल के पिछले भाग में धक्का मार दिया.
इससे बाइक पर सवार उनकी पत्नी रेखा देवी सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. उनका दायां हाथ टूट गया. उन्हें सदर अस्पताल में भरती किया गया. डॉ पप्पू कुमार के द्वारा जांच के बाद एक्सरे कराने की सलाह दी गयी. चिकित्सक के अनुसार जख्मी महिला की स्थिति खतरे से बाहर है. बताते चलें कि जमुई मोड़ से होकर गुजरने वाले वाहनों के अनियंत्रित परिचालन से आस पास के लोग भी काफी परेशान हैं. इस संबंध में कवैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि 24 घंटे पुलिस बल की जमुई मोड़ पर तैनाती के साथ वाहनों की चेकिंग भी की जाती है. पूर्व की अपेक्षा वाहन दुर्घटना में कमी आयी है.
