अप्रैल में ही खेत खलिहान व घर में हुई नौ आगलगी की घटना
लगभग आठ लाख रुपये मूल्य से अधिक की संपत्ति का नुकसान
शार्ट-सर्किट के साथ आपसी दुश्मनी भी है बड़ा कारण
लखीसराय : गरमी बढ़ने के साथ ही जिले के खेत-खलिहानों में विभिन्न कारणों से आगलगी की घटनाओं में तेजी आ गयी है. अप्रैल में ही 13 अप्रैल तक में खेत खलिहानों में पांच, तो झोपड़ी व गौशाला आदि में नौ अगलगी की घटना हो चुकी है. इन घटनाओं में लगभग सात लाख रुपये मूल्य से अधिक की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है. सरसरी निगाह से देखा जाये तो बड़हिया प्रखंड के प्रतापपुर गांव में ही 8 अप्रैल की शाम गौशाला में लगी आग से 25 हजार का भूसा जल गया,
तो नौ अप्रैल को चानन के इटौन गांव में अर्जुन यादव के खलिहान में दो सौ बोझा रखा गेहूं जल गया. 10 अप्रैल को सदर प्रखंड के बिलौरी गांव मे गेहूं चना के खलिहान में आग लगने से 95 हजार रुपये मूल्य की फसल जल गयी. 12 अप्रैल को सदर प्रखंड के महिसोना शिवनगर में आगलगी से घर में रखा आठ क्विंटल चावल एवं 20 क्विंटल गेहूं का नुकसान हो गया है. जबकि 13 अप्रैल को सदर प्रखंड के रेहुआ में खलिहान में रखा चार क्विंटल भूसा जलने की खबर है.
इसके अतिरिक्त पांच अप्रैल को शहर के थानाचौक निबंधन कार्यालय में तो 10 अप्रैल को हलसी मोहद्दीनगर के तीन झोपड़ी में आग लगने से 60 हजार रुपये का अनाज जल गया. 11 अप्रैल को डीह पिपरिया में दर्जन भर झोपड़े और बड़हिया पंचायत के वार्ड संख्या 24 में घर में लगी आग से दो लाख रुपये की संपत्ति जल गयी. 12 अप्रैल की रात गढ़ी विशनपुर के खलिहान में रखे गेहूं के दो हजार बोझे में शरारती तत्वों द्वारा आग लगा दी गयी. इस संबंध में पीड़ित की ओर से टाउन थाना में आवेदन भी दिया गया है.
