सूर्यगढ़ा : जेइ अरविंद कुमार के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम ने मंगलवार को मानो एवं अलीनगर गांव में छापेमारी कर चोरी से बिजली का उपयोग करने के मामले में दो लोगों को दोषी पाया. जेइ ने बताया कि मानो गांव में शंकर रजक के यहां साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीव्यूशन कंपनी का 20 हजार आठ सौ रुपये बकाया है जिसकी वजह से उसका बिजली संबंध हटा दिया गया है.
बावजूद इसके शंकर रजक चोरी से अपने घर में बिजली का उपयोग करता पाया गया जिसमें कंपनी को 11015 रुपये की आर्थिक क्षति का अनुमान लगाया गया. अलीनगर गांव में मो उसमान बगैर वैद्य बिजली कनेक्शन लिए टोका फंसा कर चोरी कर रहा था. इससे एसबीपीडीसीएल को 16 हजार 86 रुपये की आर्थिक क्षति का अनुमान है. जेइ ने बताया कि प्राथमिकी के लिए सूर्यगढ़ा थाना में आवेदन दिया गया है.
