उपभोक्ताओं को रुला रही बिजली
सूर्यगढ़ा क्षेत्र में उपभोक्ताओं को मात्र 12-13 घंटे बिजली मिल रही है. गरमी शुरू होते ही बिजली की आंख-मिचौनी से उपभोक्ता परेशान हैं. विभाग इसका कारण मेंटेनेंस बता रहा है.
सूर्यगढ़ा : गरमी शुरू होते ही बिजली की आंख-मिचौनी से उपभोक्ता परेशान हैं. सूर्यगढ़ा क्षेत्र में उपभोक्ताओं को मात्र 12 से 13 घंटे ही बिजली मिल पा रही है. गरमी के दिनों में बिजली गुल होने से लोग परेशान हैं. विद्युत पर आधारित व्यापार पर इसका बुरा असर पड़ रहा है. कभी मेंटेनेंस के नाम पर तो कभी लोकल फाॅल्ट की वजह से लगातार विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
उपभोक्ताओं के मुताबिक मेंटेनेंस के नाम पर विद्युत आपूर्ति में कटौती बंद होनी चाहिए. विभाग को गरमी शुरू होने के पहले मेंटेनेंस कार्य पूरा कर लेनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अब गरमी शुरू होते ही बिजली की आंख-मिचौनी शुरू हो गयी. अब दिन हो या रात लगातार कई घंटे बिजली कट रही है. गरमी व मच्छर की वजह से लोग रतजगा करने को मजबूर हो रहे हैं.
मेंटेनेंस के नाम पर विद्युत कटौती बंद करे विभाग
सूर्यगढ़ा पुरानी बाजार निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम कुमार के मुताबिक विभाग मेंटेनेंस के नाम पर विद्युत कटौती बंद करे. गरमी शुरू होने के साथ बिजली की कटौती शुरू हो गयी. अधिकतर जगहों पर जर्जर तार को बदलने का कार्य नहीं हुआ. पुरानी बाजार सूर्यगढ़ा में परेशानी बनी हुई है.
अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि लगातार कई घंटे बिजली कट रही है. रात में भी उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल रही है. लोग गरमी एवं मच्छरों के प्रकोप की वजह से रतजगा करने को मजबूर हैं.
अजीत कुमार ने कहा कि विद्युत विभाग केवल राजस्व उगाही करने में लगा है. उपभोक्ताओं की परेशानी से उसे कोई लेना-देना नहीं है. उपलब्धता के बावजूद लोगों को बिजली नहीं मिल पा रहा.
पवन कुमार सिंह ने कहा कि बिजली की आंख मिचौली से परेशानी बनी हुई है. हर घंटे पावर ट्रिप कर रहा है. कब लाइन आता और कब गुल हो जाता है इसका पता भी नहीं चलता है. बिजली कटने से विद्युत आधारित व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
