लखीसराय : लखीसराय मुख्य पार्षद की कुरसी पर खतरा मंडराने लगा है. वार्ड संख्या आठ की पार्षद रिंकु कुमारी व वार्ड संख्या छह के पार्षद सुनील कुमार के नेतृत्व में नप अध्यक्ष शशि देवी पांडेय के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया. शुक्रवार को 23 वार्ड पार्षदों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन डीएम उदय कुमार व कार्यपालक पदाधिकारी संतोष रजक को सौंपा. इसमें मुख्य पार्षद शशि देवी पांडेय के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने हेतु धारा 25/4 के आलोक में बैठक बुलाने की मांग की गयी.
आवेदन में पार्षदों ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष के द्वारा योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही के कारण योजना विलंब से क्रियान्वित होती है. इसके अलावा सामग्री की खरीद जैसे सीएफएल बल्ब, उपकरण व सफाई सामग्री की खरीद में कमीशनखोरी, पार्षदों के साथ उनके द्वारा दुर्व्यवहार, योजना की राशि बंटवारे में उनके द्वारा भेदभाव समेत अन्य मामले में उनके द्वारा पद का दुरुपयोग करने व उनके पति के द्वारा बोर्ड की बैठक में अनावश्यक दखल देने के कारण उनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है.
तीन साल पांच महीने के कार्यकाल में शशि देवी पांडेय के खिलाफ दो बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया. आवेदन में वार्ड पार्षद जॉन मिल्टन पासवान, प्रमिला देवी, रिंकु कुमारी, सुषमा देवी, रेखा देवी, गौतम कुमार, बालकृष्ण वर्मा, हाकिम पासवान, देवेंद्र केवट, रंजीत राम, अमरजीत कुमार, रीता देवी, जोगी ठाकुर, पार्वती देवी, चुनमुन सिंह, सुनील कुमार, संतोष कुमार, रेणू देवी, सुनील कुमार, नीलम देवी, साधना देवी, मथुरा प्रसाद, मंजू देवी के हस्ताक्षर हैं.
