थाना का कामकाज प्रभावित
लखीसराय : मंगलवार को जिला समाहरणालय स्थित धरना स्थल पर बिहार राज्य चौकीदार-दाफादार पंचायत शाखा लखीसराय के चौकीदार-दफादार संघ ने अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल के तहत एक दिवसीय धरना दिया.
धरना का नेतृत्व जिलाध्यक्ष सह प्रमंडलीय संयोजक राम विलास पासवान ने किया. इधर चौकीदार व दफादार के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से जिले के थानों में कामकाज में कठिनाई पैदा होने लगी है. इससे थाना प्रभारियों की परेशानी बढ़ गयी है.
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री पासवान ने कहा कि मैट्रिक उत्तीर्ण दफादार-चौकीदारों को समूह घ से ग में प्रोन्नति हेतु पद सृजन का प्रस्ताव भेजने के लिए खुद सक्षम है. उसमें दफादार चौकीदार का जिला में 345 स्वीकृत बल को 15 प्रतिशत 52 पद दिया है. उनको अंचल कार्यालय व आरक्षी अधीक्षक कार्यालय से मंतव्य मांगने की कोई आवश्यकता नहीं है. बिहार सरकार गृह आरक्षी विभाग पटना का अधिसूचना से 1896 के तहत स्पष्ट आदेश हो चुका है कि जिन दफादार-चौकीदार की सेवा 20 साल हो चुकी है या उनकी उम्र 55 वर्ष से अधिक हो चुकी है.
वैसे दफादार-चौकीदार की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति कर उनके नामित को नियुक्ति दिया जाये. प्ररंतु प्रशासन की लापरवाही से दो वर्ष बीत जाने के बाद भी नियुक्ति नहीं की गयी. मौके पर बच्चू पासवान, विष्णुधारी पासवान, अरूण राम, बलराम पासवान, गोपाल पासवान आदि मौजूद थे.
