पीरीबाजार में पुलिस व ग्रामीणों के बीच लगभग 25 राउंड चली गोली
रणक्षेत्र में तब्दील हुआ पीरीबाजार
लखीसराय : जिले के नक्सल प्रभावित पीरीबाजार क्षेत्र के लठिया कोरासी में शनिवार को गिरफ्तारी का विरोध कर रहे ग्रामीणों व पुलिस के बीच झड़प में गोली लगने से लठिया कोरासी निवासी एक युवक सुरेश कोड़ा जख्मी हो गये. मामले को लेकर आसपास के आदिवासी गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने घायल को साथ लेकर पीरीबाजार थाना पर हमला बोल दिया व जमकर रोड़ेबाजी व तोड़फोड़ की. ग्रामीणों के हमले के बाद स्थानीय पुलिस को छिपकर किसी तरह जान बचानी पड़ी.
बाद में जिला से अतिरिक्त पुलिस बल के आने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका. पुलिस के तेबर तल्ख होते ही ग्रामीण भाग खड़े हुए. प्रत्यक्षदशियों के मुताबिक पुलिस व ग्रामीणों के बीच लगभग 25 राउंड गोलीबारी हुई. रोड़ेबाजी में एएसपी अभियान रजनीश कुमार सहित लगभग आधा दर्जन पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गये.
ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुंगेर व लखीसराय पुलिस द्वारा पीरीबाजार इलाके में शनिवार को कांबिंग ऑपरेशन चलाया गया. इस क्रम में पुलिस ने लठिया कोरासी से ललन कोड़ा नामक व्यक्ति को पुछताछ के लिये हिरासत में लिया. जब ग्रामीणों ने उसका विरोध किया तो पुलिस द्वारा फायरिंग की गयी. इसमें सुरेश कोड़ा नामक युवक को गोली लगी.
इधर घटनास्थल पर एएसपी अभियान रजनीश कुमार के अलावे एसओ अंजनी कुमार, एसडीपीओ पंकज कुमार आदि कैंप कर रहे थे. पीरीबाजार में दहशत के कारण दुकानें बंद रही और बाजार में अघोषित कर्फ्यू का नजारा बना रहा.
क्या कहते हैं एसपी अभियान
इस बाबत एएसपी अभियान रजनीश कुमार के मुताबिक पुलिस के द्वारा अपनी जान बचाने के लिये पांच राउंड हवाई फायरिंग की गयी. उन्होंने बताया कि लठिया कोरासी के सैकड़ों महिला-पुरुष पीरीबाजार थाना आकर हंगामा कर रहे थे. पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया. बाद में ग्रामीणों बीजर(तीर) चलाये, रोड़ेबाजी भी की.
क्या कहते हैं एसपी
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा पीरीबाजार थाना में तोड़-फोड़ व रोड़ेबाजी की गयी. पुलिस के द्वारा सुरक्षा के ख्याल से पांच राउंड हवाई फायरिंग की गयी.
