लखीसराय : 12 अक्तूबर को होनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सारी व्यवस्था कर ली है. इसको लेकर जिले में 16 कलस्टर सेंटर बनाने के साथ ही अन्य प्रकार के कार्य पूरे कर लिये गये हैं. प्रभारी डीपीआरओ सुरेश प्रसाद से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 16 कलस्टर सेंटर बनाये गये हैं.
जहां 11 अक्तूबर की शाम मतदान कर्मी, पुलिस बल व सेक्टर पदाधिकारी जमा होंगे. वहीं पर प्रत्येक बूथ के कर्मी एवं पुलिस बल आपस में मिलेंगे. कलस्टर सेंटर पर ही सभी को रात्रि विश्राम करना है तथा पेमेंट भुगतान के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा भोजन की व्यवस्था की गयी है. प्रत्येक कलस्टर सेंटर पर चिकित्सा की भी व्यवस्था की गयी है. यहां से मतदान कर्मी 12 अक्तूबर की सुबह बूथ पर रवाना होंगे.
वहीं चुनाव के दौरान मतदान दलों एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त अर्द्धसैनिक बलों के लिए जिला प्रशासन द्वारा मेडिकल कीट की व्यवस्था की गयी है.
इसके अलावा व्यय प्रेक्षक के द्वारा गुरुवार को जिला के दोनों विधान सभा क्षेत्रों के अभ्यर्थियों का एकाउटिंग किया गया. पुन: पांच व नौ अक्तूबर को एकाउटिंग किया जायेगा. चुनाव प्रचार में अभ्यर्थी के द्वारा उपयोग किये जा रहे प्रचार वाहनों की सूची भी ली गयी.
जिसके तहत सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र से स्वतंत्र प्रत्याशी नित्यानंद कुमार द्वारा 30, सपा के रामजी सिंह द्वारा 11, निर्दलीय प्रत्याशी राजो मांझी द्वारा तीन, निवेदिता कुमारी द्वारा दो व लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के स्वतंत्र प्रत्याशी सुजीत कुमार द्वारा 12, शिवसेना के रामपुकार मंडल द्वारा तीन, आम जनता पार्टी राष्ट्रीय के रंजीत राम के द्वारा चार, लोक दल के रविकार कुमार द्वारा तीन वाहन का उपयोग किये जाने की जानकारी दी गयी. जिलाधिकारी ने इन वाहनों पर कड़ी नजर रखने की बात कही जिससे इसका गलत उपयोग नहीं हो सके.
