लखीसराय/सूर्यगढ़ा : अपहृत किशोरी का तीन दिन बाद भी कोई पता नहीं चल पाने एवं पुलिस प्रशासन द्वारा अपेक्षति सहयोग नहीं देने से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरु वार की सुबह सड़कों पर उतर आये और सूर्यगढ़ा-लखीसराय एन एच 80 को सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के नबावगंज गांव के समीप दो अलग-अलग जगहों पर सुबह 6 बजे से 10 बजे तक चार घंटे जाम रखा. ग्रामीण जिसमें अधिकांश महिलाएं थी, पुलिस पर रोड़े बाजी की और विरोध में नारे लगाये.
बाद में एसडीपीओ पंकज कुमार एवं डीसीएलआर प्रभाष चंद्र ने 24 घंटा के अंदर किशोरी की बरामदगी का आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम हटाया. गुरु वार की सुबह छह बजे ही नवाबगंज गांव के समीप काफी संख्या में महिलाएं हाथों में झाड़ू के साथ जमा होकर एन एच 80 को जाम कर दिया. सूचना पाकर जब सूर्यगढ़ा पुलिस जाम स्थल पर पहुंची तो जाम कर रही महिलाएं आक्रोशित होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगी तथा रोड़े बाजी भी शुरू कर दी.
बाद में कजरा, मेदनीचौकी थाना की पुलिस आयी लेकिन पुलिस ने जाम स्थल से दूरी बनाये रखी. ताकि कोई अप्रिय वारदात न हो जाये. एसडीपीओ पंकज कुमार ने आकर किसी तरह लोगों को समझा कर मामले को शांत किया. इधर ग्रामीण लगातार अशोक कुमार एवं लोजपा सांसद चिराग पासवान को बुलाने की मांग कर रहे थे.
