लखीसराय : बड़हिया-लखीसराय स्टेशनों के बीच डुमरी हॉल्ट के पास रविवार की रात 13132 डाउन राजेंद्रनगर-हावड़ा एक्सप्रेस के स्लीपर बोगी में अपराधियों ने लूटपाट की. लूटपाट के दौरान अपराधियों ने एक छात्रा को चाकू मार कर घायल कर दिया. चाकू से युवती के हाथ पर वार किया गया, जिससे उसकी दोनों हाथों की कई उंगलियों पर जख्म हो गया. यात्रियों के सहयोग से युवती को लखीसराय रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के पास ले जाया गया, जहां से जीआरपी द्वारा युवती का किऊल रेलवे अस्पताल में इलाज कराया गया.
इस संबंध में लखीसराय जीआरपी प्रभारी अजय साहु ने बताया कि रविवार की रात को कैमूर (भभुआ) के सलीम शाह मुहल्ला निवासी रफीक अंसारी की 24 वर्षीया पुत्री इनाजेबिन अंसारी को ट्रेन में अपराधियों ने दायें हाथ के अंगूठा एवं बायें हाथ की दो अंगुलियों पर चाकू मारकर घायल कर दिया. उसे घायलावस्था में लखीसराय उतारा गया तथा किऊल रेल अस्पताल जाकर इलाज कराया गया. इनाजेबिन पटना से अपने रिश्तेदार के यहां आसनसोल जा रही थी. बड़हिया स्टेशन से ट्रेन के खुलने के बाद एक युवक उससे बैग छीनना चाहा. उसके विरोध करने पर युवक अपने पास रखे चाकू से उसे पहले डराने लगा. इसी क्रम में युवक ने छात्रा पर चाकू से वार
कर दिया, जिससे उसके हाथों की उंगलियां कट गयीं.
किऊल जीआरपी ने छात्रा के भाई को बुलाकर उसे पटना भेज दिया है. इस संदर्भ में जीआरपी थाने में छात्रा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
