लखीसराय : टाउन थाना के कछियाना में विगत दिन हुई हत्या के दो नामजद अभियुक्त को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. कछियाना के चांदो महतो की हत्या पिछले 25 दिसंबर को कर दी गयी थी. जिसमें विनय कुमार व श्रीदेवी सहित चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया. कछियाना गांव के रंजीत महतो, गगन कुमार, रामाशीष महतो, रबड़ी देवी, रुबिया देवी, सुनयना देवी ने बताया कि लखीसराय रेल पुल के समीप से गाड़ी में बैठे विनय कुमार व श्रीदेवी को जबरन पकड़ कर टाउन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. ग्रामीणों ने बताया कि श्रीदेवी द्वारा ग्रामीणों को डराया धमकाया जा रहा था.
जिसके कारण ग्रामीणों में भय भी व्याप्त था. हालांकि विश्वनीय सूत्र का कहना है कि विनय कुमार एवं श्री देवी का मृतक चांदो महतो से जमीन विवाद वर्षों से चल रहा था. जिसके कारण उक्त दोनों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. टाउन थानाध्यक्ष राजेश रंजन ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्त हत्याकांड में नामजद हैं. जिन्हें जेल भेजा जा रहा है. उधर पुलिस का कहना है कि अन्य मामलों में भी छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सारे मामलों के दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
