बिहार : भोज में विषाक्त खाने से दो सौ से अधिक लोग बीमार

लखीसराय : जिले के सदर प्रखंड की दामोदरपुर पंचायत के खड़गबारा गांव में श्राद्ध का भोज खाने से दो सौ से अधिक लोग बीमार हो गये. इनमें से दो दर्जन से अधिक लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. उनका इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है. अन्य बीमार ग्रामीण स्थानीय डॉक्टर से इलाज […]

लखीसराय : जिले के सदर प्रखंड की दामोदरपुर पंचायत के खड़गबारा गांव में श्राद्ध का भोज खाने से दो सौ से अधिक लोग बीमार हो गये. इनमें से दो दर्जन से अधिक लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. उनका इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है. अन्य बीमार ग्रामीण स्थानीय डॉक्टर से इलाज करा रहे हैं. जानकारी के अनुसार खड़गबारा गांव के ही छोटेलाल यादव की पत्नी सुदामा देवी (65 वर्षीया) का बीमारी की वजह निधन हो गया था.

उसका ब्रह्मभोज (पुड़ी व सब्जी) रविवार की रात किया गया, जबकि तेरहां का भोज सोमवार की रात (भात, दाल व सब्जी) किया गया. तेरहां का भोज खाने के कुछ घंटे बाद ही गांव में कई लोगों को उल्टी-दस्त शुरू हो गयी. देखते-ही-देखते ही इसकी चपेट में लगभग दो सौ से अधिक लोग आ गये.

पहले तो लोगों ने इसकी वजह ठंड को माना, लेकिन जब पूरे गांव में इस तरह की शिकायत होने लगी तो बुधवार को गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग ग्रामीण डॉक्टर के यहां भागने लगे. इधर, गुरुवार को जब प्रशासनिक पदाधिकारियों को मामले की जानकारी हुई, तो आनन-फानन में रामगढ़ चौक पीएचसी प्रभारी डॉ कंचन कुमार व स्वास्थ्य प्रबंधक अरुण कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम खगड़वारा गांव पहुंची और लोगों का इलाज शुरू किया व गंभीर रूप से बीमार लोगों को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया.

खड़गबारा गांव पहुंचे एसडीओ व सीएस : सूचना मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव उमाशंकर के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने खड़गवारा गांव का दौरा किया. गांव में लोगों की स्थिति बिगड़ते देख डालसा सचिव ने इसकी जानकारी सीएस व एसडीओ को दी.

इसके बाद एसडीओ मुरली प्रसाद सिंह व सिविल सर्जन डॉ राजकिशोर प्रसाद ने बीमार लोगों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करा कर सदर अस्पताल में इलाज के लिए भिजवाया.इस संबंध में एसडीओ व सीएस ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला सब्जी में डालने वाला तेल के खराब रहने के कारण घटित हुई प्रतीत होती है, इसकी जांच की जा रही है.

एसडीओ को दी गयी भोजन में छिपकली होने की सूचना : विषाक्त भोजन खाने से दो सौ अधिक बीमार हुए लोगों को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने भोजन में छिपकली गिरे होने की बात एसडीओ से कही.

ग्रामीणों ने एसडीओ मुरली प्रसाद सिंह को बताया कि तेरहां के भोज के दौरान बन रही सब्जी में छिपकली गिर गयी थी जिसे कुछ ग्रामीणों द्वारा छोटेलाल यादव को इसकी सूचना दी गयी, लेकिन उन्होंने छिपकली सब्जी से निकाल कर वही सब्जी खिलाने की बात कही, जिससे लोग बीमार हो गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >