जिले का टास्क फोर्स रोकेगा बाल विवाह व दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा

बाल विवाह, दहेज प्रथा को रोकने के लिये पंचायत से जिलास्तर तक अलग अलग जिम्मेदारी देते हुए टास्क फोर्स का गठन किया लखीसराय : राज्य सरकार ने बाल विवाह, दहेज प्रथा को रोकने के लिये पंचायत से जिलास्तर तक अलग अलग जिम्मेदारी देते हुए टास्क फोर्स का गठन किया है. इस टास्क फोर्स की जिम्मेदारी […]

बाल विवाह, दहेज प्रथा को रोकने के लिये पंचायत से जिलास्तर तक अलग अलग जिम्मेदारी देते हुए टास्क फोर्स का गठन किया

लखीसराय : राज्य सरकार ने बाल विवाह, दहेज प्रथा को रोकने के लिये पंचायत से जिलास्तर तक अलग अलग जिम्मेदारी देते हुए टास्क फोर्स का गठन किया है. इस टास्क फोर्स की जिम्मेदारी है कि अपने अपने क्षेत्रों में बाल विवाह, दहेज प्रथा को रोकने में सक्रिय भूमिका निभायें. जिला साक्षरता समिति के सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, सहयोगी साक्षरता कर्मी राजेंद्र प्रसाद, संजय कुमार ने बताया कि समाज कल्याण विभाग को इसका मुख्य दायित्व सौंप साक्षरता, महिला विकास निगम आदि को भी अहम भूमिका सौंपी गयी है.
टास्क फोर्स की संरचना
पंचायत स्तर पर मुखिया की अध्यक्षता में टास्क फोर्स बनेगी. इसमें पंचायत सेवक, विकास मित्र, संबंधित थाना तथा पंचायत के एक शिक्षित समाजसेवी को शामिल किया जायेगा. प्रखंड स्तर पर बीडीओ की अध्यक्षता में टास्क फोर्स गठित होगी. इसमें प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सीडीपीओ, थानाध्यक्ष के साथ एक समाजसेवी रहेंगे. अनुमंडल स्तर पर एसडीओ की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स में एसडीपीओ, इंटरस्तरीय स्कूल के प्राचार्य के साथ एक समाजसेवी रहेंगे. इसी तरह जिला स्तर पर जिला कल्याण पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स में एसडीओ सदर, मुख्यालय डीएसपी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, महिला विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक, महिला हेल्प लाइन के परियोजना प्रबंधक के साथ एक समाजसेवी रहेंगे.
टास्क फोर्स के होंगे यह कार्य
टास्क फोर्स का कार्य अपने कार्य क्षेत्र में बाल विवाह, दहेज प्रथा के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिये सूचना तंत्र विकसित करना है. इस संबंध में समुदाय आधारित संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा चौकीदारों आदि की मदद ली जा सकती है. बाल विवाह, दहेज प्रथा के विरुद्ध जन मानस को जागरूक करने के लिये विभिन्न गतिविधियों जैसे रैली, प्रभात फेरी, गोष्ठी, कार्यशाला आदि का आयोजन किया जायेगा. इस संबंध में बुधवार को संपन्न जिलास्तरीय कार्यशाला में प्राय: सभी पदाधिकारी अनुपस्थित रहे. जिससे इसके प्रति संवेदनशीलता का स्वत: पता चलता है. ऐसे में जिला प्रशासन इस अभियान को सफल बनाने में क्या भूमिका निभायेगा. यह समय के गर्त में है.
7-8 जनवरी को है विशेष कार्यक्रम
सात जनवरी को सभी महादलित टोला में गोष्ठी का आयोजन किया जायेगा. जबकि आठ जनवरी को बाल विकास परियोजना कार्यालय के माध्यम से सभी प्रखंड मुख्यालयों में जागरूकता रैली निकाली जायेगी. वहीं सभी प्रखंड क्षेत्र के एक-एक विद्यालयों से साइकिल रैली निकाल कर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. इस संबंध में प्रभारी डीएम विनय कुमार मंडल द्वारा आवश्यक निर्देश पत्र संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को भेज दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >