लखीसराय : वर्ष 2016 के वनिस्पत 2017 में हत्याकांड में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. इस वर्ष हत्याकांड में 92 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. जिसमें पिछले वर्ष 14 हत्या के मामले दर्ज हुए थे जबकि नवंबर माह तक में ही इस वर्ष इसकी संख्या 27 पहुंच गयी. दिसंबर माह का आंकड़ा अधूरा छोड़ा गया है. इसमें भी चानन, लखीसराय थाना क्षेत्र में हुई तीन हत्या के मामले शामिल हैं. इस संबंध में पूछे जाने पर एसपी अरविंद ठाकुर ने बताया कि इसमें अधिकतर जमीनी विवाद और प्रेम प्रसंग में हुए कांड शामिल है.
अपने द्वारा किये गये सर्वेक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि डकैती में 50 प्रतिशत की कमी तो लूटपाट में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. गृह भेदन मे जहां कमी आयी है तो साधारण चोरी मे 26 प्रतिशत वृद्धि हुई है. 45 चोरी की घटना पिछले वर्षतो इस वर्ष 57 चोरी के मामले दर्ज किये गये हैं. मादक पदार्थो की जब्ती में वृद्धि तो पिछले वर्ष की तुलना मे शस्त्र अधिनियम में कमी आयी है. साधारण दंगा में 31 प्रतिशत कमी तो भीषण दंगा एक के ज गह चार दर्ज हुए हैं.
पूरा पुलिस प्रशासन लखीसराय मे बालू और शराब को लेकर पूरे वर्ष परेशान रही. जिसमें पुलिस को आशातीत सफलता भी मिली. पिछले वर्ष बालू को लेकर दंड वसूली की राशि जहां 16 लाख 91 हजार रूपये थी वहीं 2017 के नवंबर माह तक में ही यह राशि 51 लाख 80 हजार तक पहुंच गयी .बालू को लेकर पिछले वर्ष 29 गिरफ्तारी के जगह इस वर्ष 63 गिरफ्तारी , वाहन जब्ती 177 के जगह 262 , 364 अभियुक्तों के विरूद्ध मुकदमा के जगह 484 को अभियुक्त बनाया गया है. शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार चौकसी बरत रहा है.
