रजिस्टर टू पंजी के अपलोड कार्य के दौरान हुई अगलगी
लखीसराय : समाहरणालय स्थित एनआइसी भवन के पास स्थित एक कमरे में 15 नवंबर से ही रजिस्टर टू पंजी को कंप्यूटर में अपलोड करने का कार्य किया जा रहा है. रविवार को 11 बजे के आसपास एक डेस्कटॉप के यूपीएस से कंप्यूटर कनेक्टेड पावर केबल में शॉर्ट सर्किट से आग पकड़ लिया. डिजीटलाइजेशन कार्य को लेकर उस कमरे में लगभग दो दर्जन डेस्कटॉप या लैपटॉप लगा हुआ है. वायर को जलते देख कर आसपास के ऑपरेटर और राजस्व कर्मचारी भागने और अपने अपने कंप्यूटर को सुरक्षित करने को लेकर अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया था. कार्यपालक सहायक सुजीत कुमार एवं राजस्व कर्मचारी (सूर्यगढ़ा) मो इशराइल के अनुसार प्रथम दृष्टया इस अगलगी में कंप्यूटर के सिस्टम को नुकसान पहुंचने के आसार हैं. जांच के बाद ही इसका सही मूल्यांकन किया जायेगा.
इस डिजीटलाइजेशन कार्य में उस कमरे में कार्य कर रहे विनय कुमार, अजित कुमार सिंह, संजय कुमार, वेदांत प्रकाश, विसहत, राजेश कुमार, सन्नी कुमार, कुंदन कुमार, गौरव कुमार, बमबम कुमार, राजस्व कर्मचारी संजीव कुमार, दिनेश कुमार पाठक, जवाहर प्रसाद सिंह, रामजतन पासवान, जमील अनवर, वासुकीनाथ आदि के अनुसार कंप्यूटर सेट के साथ साथ इस कमरे मे काफी मात्रा में बैट्री सेट लगा हुआ है. अगर अगलगी जोर पकड़ता तो काफी बड़ा हादसा हो सकता था. दिन भर समाहरणालय में इस अगलगी की घटना चर्चा का विषय बना रहा. अगलगी वाले कंप्यूटर सेट को वहां से हटा दिया गया है.
