ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण पाकर स्वावलंबी बनीं उपासना, कमांडेंट ने किया उद्घाटन

ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण पाकर स्वावलंबी बनीं उपासना, कमांडेंट ने किया उद्घाटन

सीमावर्ती महिलाओं के लिए खुले स्वरोजगार के द्वार; अब आधुनिक सौंदर्य सेवाओं के लिए नहीं जाना होगा शहर

पौआखाली. सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को निभाने वाली एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) की पहल अब रंग लाने लगी है. सीमावर्ती क्षेत्र की युवतियों और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एसएसबी द्वारा आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण का सार्थक परिणाम सामने आया है. बुधवार को जियापोखर थाना क्षेत्र के भट्ठा चौक पर ”उपासना ब्यूटी पार्लर” का भव्य शुभारंभ हुआ.

कमांडेंट ने फीता काटकर किया उद्घाटन

एसएसबी 19वीं वाहिनी के नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली उपासना देवी ने अपने स्वयं के प्रतिष्ठान की शुरुआत की है. इसका विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि एसएसबी 19वीं वाहिनी के कमांडेंट स्वर्णजीत शर्मा ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर उन्होंने प्रतिष्ठान की संचालिका को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं का स्वावलंबी होना समाज के विकास के लिए सुखद संकेत है.

सीमा की रक्षा के साथ सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है एसएसबी

समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट स्वर्णजीत शर्मा ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में इस तरह के आधुनिक प्रतिष्ठानों का खुलना इस बात का प्रतीक है कि स्थानीय महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि एसएसबी सिर्फ सीमाओं की चौकसी ही नहीं करती, बल्कि नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों के सर्वांगीण विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है. भट्ठा चौक जैसे उभरते व्यापारिक केंद्र पर पार्लर खुलने से अब स्थानीय महिलाओं को शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

एसएसबी के प्रति जताया आभार

पार्लर की संचालिका उपासना देवी ने एसएसबी की इस पहल की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि एसएसबी द्वारा दिए गए प्रशिक्षण के कारण ही आज वह अपने पैरों पर खड़ी हो पाई हैं. उन्होंने बताया कि उनके पार्लर में बेहतर क्वालिटी के उत्पादों के साथ उचित मूल्य पर सौंदर्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी. कार्यक्रम के दौरान बी समवाय कद्दूभिट्ठा के प्रभारी सहायक कमांडेंट अनूप साना, एसएसबी के अन्य अधिकारी, स्थानीय गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >