किशनगंज. जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला भू-अर्जन से संबंधित समीक्षा बैठक आहूत की गई. बैठक में जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गयी. बैठक में बताया गया कि नयी परियोजना सिलीगुड़ी–गोरखपुर एक्सप्रेसवे हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से अधियाचना प्राप्त हो चुकी है. इस संबंध में एमवीआर रिवीजन के लिए संबंधित विभाग को संचिका भेज दी गयी है. अधियाचना प्राप्ति के आलोक में जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि इससे संबंधित सभी अग्रेत्तर कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए. साथ ही नियमानुसार समिति का गठन कर जांच प्रक्रिया पूर्ण करने तथा खेसरा पंजी तत्काल तैयार करने का निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त कटहल डांगी से धर्म कांटा (ठाकुरगंज बाईपास) परियोजना के अंतर्गत शेष सभी प्रक्रियाएं अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. रेलवे गाइड बांध निर्माण हेतु मुआवजा भुगतान की कार्रवाई यथाशीघ्र पूर्ण करने, इसके लिए शिविर का आयोजन कर एलपीसी निर्माण कार्य अति शीघ्र संपन्न कराने का निर्देश भी जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया. बहादुरगंज–टेढ़ागाछ मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत मार्ग में उत्पन्न अवरोधों को नियमानुसार जल्द से जल्द समाप्त करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सभी परियोजनाओं के लिए एलपीसी निर्माण हेतु शिविर आयोजित करने एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए लाभुकों को समयबद्ध रूप से भुगतान सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा दिया गया. बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, आरसीडी के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
