जीएसटी विभाग ने जाजोदिया स्टोर पर की छापेमारी, मचा हड़कंप
जीएसटी विभाग ने जाजोदिया स्टोर पर की छापेमारी, मचा हड़कंप
By AWADHESH KUMAR | Updated at :
असिस्टेंट डायरेक्टर के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम ने खंगाले दस्तावेज, टैक्स चोरी की आशंका पर जांच तेज
ठाकुरगंज. निर्माण सामग्री के बड़े कारोबारी जाजोदिया स्टोर पर शनिवार को जीएसटी विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया. जीएसटी असिस्टेंट डायरेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में आठ सदस्यीय विशेष टीम ने दोपहर 12 बजे प्रतिष्ठान और उससे जुड़े गोदाम पर दबिश दी. यह कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से की गयी कि आसपास के व्यापारियों को भनक तक नहीं लगी.
कारोबार में असामान्य वृद्धि बनी जांच का आधार
सूत्रों के मुताबिक, जाजोदिया स्टोर का कारोबार पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है. पहले सीमित स्तर पर रहने वाला यह प्रतिष्ठान अब सीमेंट, सरिया व हार्डवेयर के बड़े थोक सप्लायर के रूप में उभरा है. विभाग अब यह जांच रहा है कि इस बढ़े हुए टर्नओवर के अनुपात में नियमानुसार जीएसटी का भुगतान किया गया है या नहीं. यदि व्यापार वृद्धि व टैक्स जमा करने में बड़ा अंतर पाया जाता है, तो इसे कर चोरी का मामला माना जायेगा.
बंगाल से जुड़े अंतरराज्यीय लेन-देन पर नजर
जांच का एक अहम बिंदु पश्चिम बंगाल से जुड़े व्यापारिक लेन-देन हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जाजोदिया स्टोर का बड़ा हिस्सा बंगाल से माल की खरीद और आपूर्ति से संबंधित है.
दस्तावेजों व डिजिटल डेटा की बरामदगी
छापेमारी के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में दस्तावेज व डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं. इनमें खरीद-बिक्री रजिस्टर, जीएसटी रिटर्न फाइल, स्टॉक रजिस्टर व बैंक लेन-देन के कागजात शामिल हैं. कंप्यूटर सिस्टम व हार्ड डिस्क से भी डेटा लिया गया है, जिसकी फॉरेंसिक जांच की जा सकती है. विभाग वास्तविक स्टॉक व कागजी रिकॉर्ड के मिलान में जुटा है.
अधिकारियों का रुख व बाजार में हलचल
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जांच जारी है. किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. हालांकि, गड़बड़ी मिलने पर जीएसटी अधिनियम के तहत भारी जुर्माना व दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है. इस कार्रवाई के बाद ठाकुरगंज के व्यापारियों में भारी सतर्कता देखी जा रही है. सीमेंट व हार्डवेयर कारोबारियों ने अपने रिकॉर्ड व बिलिंग सिस्टम को अपडेट करना शुरू कर दिया है. विभाग की इस नयी सख्ती ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी.