ठाकुरगंज (किशनगंज) प्रतिनिधि की रिपोर्ट :
सीमांचल के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में शामिल ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन अब तेजी से आधुनिक स्वरूप की ओर बढ़ रहा है. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित स्टेशन पर लिफ्ट निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है . निर्माण कार्य शुरू होते ही स्थानीय लोगों एवं रेल यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई है . वर्षों से जिस सुविधा की मांग की जा रही थी, वह अब धरातल पर उतरती नजर आ रही है . भारतीय रेलवे द्वारा किए जा रहे इस विकास कार्य का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है. स्टेशन पर लिफ्ट लगने से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं एवं भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी . अब यात्रियों को ऊंचे फुटओवर ब्रिज पर चढ़ने-उतरने की परेशानी से निजात मिलेगी और प्लेटफॉर्म बदलना आसान हो जाएगा. मुख्य पार्षद सह ठाकुरगंज रेल यात्री समिति के संयोजक ने बताया कि ठाकुरगंज स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी. लिफ्ट निर्माण शुरू होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है. इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी बल्कि स्टेशन की पहचान भी बदलेगी .27.08 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा काम
करीब 27.08 करोड़ रुपये की लागत से ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है . योजना के तहत प्लेटफॉर्म संख्या-1 को ऊंचा किया जा चुका है, जबकि प्लेटफॉर्म संख्या-2 को आधुनिक रूप दिया जा रहा है. दोनों प्लेटफॉर्म पर विस्तृत यात्री शेड बनाए गए हैं . यात्रियों की बेहतर आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज तैयार किया गया है. वहीं स्टेशन भवन के बाहरी स्वरूप को भी आकर्षक और आधुनिक बनाया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों बाद ठाकुरगंज स्टेशन पर बड़े स्तर पर विकास कार्य दिखाई दे रहा है. आने वाले समय में यह स्टेशन सीमांचल क्षेत्र के मॉडल स्टेशनों में शामिल हो सकता है.
