किशनगंज. आगामी गणतंत्र दिवस समारोह-2026 के गरिमामय व सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है. गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में समारोह से जुड़े तमाम एजेंडावार बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन
डीएम विशाल राज ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुख्य झंडोत्तोलन समारोह शहीद अशफाकउल्लाह खां (खगड़ा) स्टेडियम में आयोजित होगी. उन्होंने नजारत उप समाहर्ता को समय रहते स्टेडियम में मंच, पंडाल व अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. शहर की साफ-सफाई व पेयजल की जिम्मेदारी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपी गयी है.
13 विभागों की दिखेगी झांकी, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
बैठक में जानकारी दी गयी कि इस बार लगभग 13 विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी. डीएम ने स्पष्ट किया कि झांकी की तैयारी समय से पूरी की जाए. कोई भी कार्य अंतिम समय के लिए लंबित न रहे. वहीं, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने और परेड अभ्यास को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया. उन्होंने परेड दलों के विभाजन और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त अभ्यास कराने की बात कही.
पुरस्कार वितरण की संपूर्ण जिम्मेदारी सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार को दी गयी है. जिला कल्याण पदाधिकारी को झंडोत्तोलन हेतु ससमय सूची तैयार करने का निर्देश दिया है. बैठक में अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
