ठाकुरगंज. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले कुछ दिनों से चल रहे आंतरिक विवाद और कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है. सिविल सर्जन कार्यालय, किशनगंज के द्वारा जारी आदेश से तत्काल प्रभाव से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को बदल दिया गया है. आदेश के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिघलबैंक में कार्यरत डॉ तेज नारायण रजक को अब पीएचसी ठाकुरगंज का नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. वहीं, वर्तमान प्रभारी डॉ अब्दुल रहमान को दो दिनों के भीतर अपना प्रभार सौंपने का निर्देश दिया गया है.
विवाद की पृष्ठभूमि
सीएचसी प्रभारी पर महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने मानसिक, आर्थिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए डीएम्रको आवेदन सौंपा था. घूसखोरी और उत्पीड़न के आरोपों के बाद, स्वास्थ्य कर्मियों ने सीएचसी प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उनके हटाए जाने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार किया. विवाद के बाद, प्रशासन ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है और जांच टीम ने स्वास्थ्य केंद्र में पूछताछ की है.
नियमों के तहत कार्रवाई
विवाद के बाद ठाकुरगंज के प्रभारी चिकित्सा प्रभारी को हटा दिया गया. यह आदेश कोषागार संहिता 2011 के नियम 84 एवं स्वास्थ्य विभाग के पूर्व परिपत्रों के तहत जारी किया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है.
