आजादी के 77 साल बाद भी सड़क-पुल से वंचित मुस्लिम टोला, ग्रामीणों ने लगाई गुहार

Tedhagachh Road Bridge Demand: ग्रामीणों के अनुसार मुस्लिम टोला गांव भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है. गांव के पूर्व और उत्तर दिशा में गोरिया नदी तथा पश्चिम दिशा में रेतुआ नदी बहती है. बरसात के दिनों में पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है, जिससे लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है.

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:

Tedhagachh Road Bridge Demand: प्रखंड क्षेत्र की चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित मुस्लिम टोला गांव के लोग आजादी के 77 वर्ष बाद भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं. ग्रामीणों ने सड़क, पुल और आवागमन की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के समक्ष कई बार गुहार लगाई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है.

बरसात में कट जाता है गांव का संपर्क

ग्रामीणों के अनुसार मुस्लिम टोला गांव भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है. गांव के पूर्व और उत्तर दिशा में गोरिया नदी तथा पश्चिम दिशा में रेतुआ नदी बहती है. बरसात के दिनों में पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है, जिससे लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है.

ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पहुंचने के लिए उत्तर दिशा से मनरेगा योजना के तहत कच्ची सड़क बनाई गई थी, लेकिन जलभराव और कटाव के कारण दो स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है. इसके चलते गांव का संपर्क मुख्य सड़क से लगभग टूट चुका है.

मरीजों और गर्भवती महिलाओं को होती है भारी परेशानी

स्थानीय ग्रामीण बादल आलम, केयूम आलम, अफरोज आलम, इस्लामुद्दीन, मजेबुल आलम, लतीफ उद्दीन, मुख्तार आलम, महमो उद्दीन और पूर्व वार्ड सदस्य राशिद आलम ने बताया कि बरसात के मौसम में मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है.

सड़क नहीं होने से चली गई एक ग्रामीण की जान

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष गांव निवासी हकमो आलम गंभीर रूप से बीमार हो गए थे. सड़क संपर्क बाधित होने के कारण उन्हें लगभग दो किलोमीटर तक चारपाई पर लादकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया. वहां से टेंपो के माध्यम से अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद ग्रामीणों में सड़क और पुल निर्माण की मांग और तेज हो गई है.

गोरिया नदी पर पुल निर्माण की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि गोरिया नदी पर आरसीसी पुल और संपर्क सड़क का निर्माण हो जाने से हजारों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी. साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाई जा सकेगी.

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी विशाल राज से अविलंब पहल करते हुए गोरिया नदी पर आरसीसी पुल तथा पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि विकास की मुख्यधारा से कटे इस गांव को अब बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >