टैलेंट सर्च सह स्कॉलरशिप ओलंपियाड 2026 का सफल आयोजन
155 विद्यार्थियों ने लिया भाग, चयनित छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी
ठाकुरगंज. एक निजी स्कूल द्वारा रविवार को टैलेंट सर्च एवं स्कॉलरशिप ओलंपियाड 2026 के प्रथम संस्करण का आयोजन किया गया. यह आयोजन सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूल ताराचंद धानुका एकेडमी द्वारा किया गया. इस शैक्षणिक पहल में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 12 सरकारी विद्यालयों से कक्षा तीन से पांच तक के कुल 155 विद्यार्थियों ने भाग लिया. विद्यालय के निदेशक राजदीप धानुका ने बताया कि इस ओलंपियाड का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक स्तर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि कई बार संसाधनों के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चे उचित मार्गदर्शन और मंच से वंचित रह जाते हैं. ऐसे में यह प्रतियोगिता उनके लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगी. चयनित विद्यार्थियों को ताराचंद धानुका एकेडमी में छात्रवृत्ति प्रदान कर बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा. स्कूल के प्राचार्य संजय कुमार झा ने बताया कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह ओएमआर आधारित प्रणाली से किया गया, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया पारदर्शी व निष्पक्ष रही.
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.