राम-जानकी मंदिर में श्रद्धा के साथ मनायी गयी सीता नवमी
राम-जानकी मंदिर में श्रद्धा के साथ मनायी गयी सीता नवमी
पुष्पों से सजाया गया मंदिर परिसर, मंत्रोच्चारण व कन्या पूजन से वातावरण हुआ भक्तिमय
ठाकुरगंज. शहर के भातढाला स्थित राम-जानकी मंदिर में शनिवार को सीता नवमी के अवसर पर धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, खासकर महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया. मंदिर को फूलों और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित किया गया था. वैदिक मंत्रों के बीच पूजा-अर्चना, यज्ञ और हवन संपन्न हुआ. पूरे परिसर में घंटों तक भक्ति गीतों और मंत्रोच्चारण की गूंज सुनाई देती रही. मंदिर के पुजारी देवेंद्र झा ने बताया कि वैशाख शुक्ल नवमी को माता सीता के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाता है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मिथिला के राजा जनक को भूमि से सीता की प्राप्ति हुई थी, जिसके कारण इस दिन का विशेष धार्मिक महत्व है. उन्होंने कहा कि यह पर्व भगवान श्रीराम से जुड़ा होने के कारण और भी महत्वपूर्ण हो जाता है. इस बार शुभ योग बनने से श्रद्धालुओं में पूजा को लेकर विशेष उत्साह रहा. अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने सीता-राम का स्मरण करते हुए रामायण पाठ, आरती और प्रसाद वितरण में भाग लिया . परंपरा के अनुसार कन्याओं को भोजन कराकर पुण्य अर्जित किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं उपस्थिति थे. आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया.